सिंगर हत्याकांड के 2 शूटर एनकाउंटर में ढेर, 20 राउंड गोलीबारी, हरियाणा भाग रहे थे…
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड के दो शूटरों सुमित और मोहित को यूपी पुलिस ने सोमवार सुबह मुठभेड़ में मार गिराया। शामली एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों शूटर बाइक से शामली से सोनीपत (हरियाणा) की तरफ भाग रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उन्हें घेर लिया। पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस को भी फायरिंग करनी पड़ी। दोनों तरफ से करीब 20 राउंड गोलियां चलीं। इसमें बदमाश सुमित (24) और मोहित (22) को गोली लग गई। पुलिस दोनों को जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सुमित और मोहित सोनीपत के रहने वाले थे। दोनों पर 50-50 हजार रुपए का इनाम था। सुमित पर एक और मोहित पर 15 मुकदमे दर्ज थे। दोनों ने अपने दो साथियों के साथ सिंगर की हत्या की थी। दो आरोपी सत्यम और आर्यन अब भी फरार हैं।
26 अगस्त की शाम 32 साल के सिंगर अंकित बालियान शामली में जिम करके निकले, तभी हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और 18 राउंड फायरिंग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अंकित को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
DGP राजीव कृष्ण ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि हत्याकांड की वजह पुरानी गैंगवार हो सकती है। 2021 में दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में जितेंद्र मान उर्फ गोगी की हत्या हुई थी। इसके बाद गोगी और टिल्लू ताजपुरिया गैंग के बीच गैंगवार चली थी।
उन्होंने बताया- अंकित के एक गाने को भी इसी विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। अंकित ने उस गाने में सिर्फ एक्टिंग की थी। गाने के बोल और धुन उनकी नहीं थी। इसके बावजूद गैंग से जुड़े लोगों ने इस गाने को विरोधी गैंग के समर्थन से जोड़कर देखा।
DGP ने कहा कि यूपी से बाहर बैठकर अपराध की साजिश रचने वाले यह न समझें कि वे पुलिस की पहुंच से दूर हैं। बाहर से शूटर्स भेजने और गैंगवार या अपराध कराने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
DGP राजीव कृष्ण ने कहा कि मामले में पुलिस की कार्रवाई अभी खत्म नहीं हुई है। साजिश में शामिल हर व्यक्ति की भूमिका सामने लाई जाएगी और उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से बाहर बैठकर अपराध की साजिश रचने वाले यह न समझें कि वे पुलिस की पहुंच से दूर हैं। बाहर से शूटर्स भेजने और गैंगवार या अपराध कराने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे मामले में हरियाणा और दिल्ली पुलिस ने भी यूपी पुलिस का सहयोग किया। इसी तालमेल की वजह से कम समय में मामले की जांच आगे बढ़ सकी।
DGP राजीव कृष्ण ने कहा कि पुलिस का मकसद सिर्फ शूटर्स को पकड़ना नहीं है। हत्या की साजिश रचने वाले, हथियार और दूसरी मदद देने वाले, रेकी कराने वाले और आरोपियों को छिपने में मदद करने वाले सभी लोगों की पहचान की जाएगी। सभी के खिलाफ कार्रवाई होगी। इस कार्रवाई के लिए शामली पुलिस और STF को 2 लाख रुपए का इनाम दिया गया है।
