हनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट और खड़ाऊ चोरी, अमेठी में ताला तोड़कर अंदर घुसा, घटना CCTV में कैद
अमेठी में एक हनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट और खड़ाऊ चोरी होने का मामला सामने आया है। यह घटना जगदीशपुर थाना क्षेत्र के अशरफपुर गांव में शनिवार दोपहर को हुई। चोरी की यह पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार, अशरफपुर गांव स्थित हनुमान मंदिर में कौशल किशोर उर्फ छेदी पुजारी हैं। शनिवार दोपहर को गांव का ही रहने वाला मोनू उर्फ अभिषेक यादव पुत्र सोनू उर्फ आनंद कुमार मंदिर के पास पहुंचा। उसने सुनसान देखकर मंदिर का ताला तोड़ा और अंदर घुस गया। चोर हनुमान जी का चांदी का मुकुट और चांदी की खड़ाऊ लेकर फरार हो गया।
कुछ देर बाद जब मंदिर के पुजारी मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि बजरंगबली के माथे से मुकुट और चांदी की खड़ाऊ गायब थी। इसके बाद मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई, जिसमें चोरी की पूरी घटना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुजारी ने आरोपी को पहचान लिया। पुजारी कौशल किशोर उर्फ छेदी ने आरोपी मोनू उर्फ अभिषेक यादव के खिलाफ जगदीशपुर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।मंदिर में हुई इस चोरी की घटना से स्थानीय लोगों में चिंता है। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
