सिंगर बी प्राक को धमकी, लॉरेंस गैंग ने कहा- ’10 करोड़ दो वरना मिट्टी में…’
सिंगर बी प्राक को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है. लॉरेंस गैंग ने सिंगर बी प्राक को धमकी दी है और दस करोड़ की मांग की है. ऑडियो रिकॉर्डिंग पंजाबी सिंगर दिलनूर को 6 जनवरी की दोपहर भेजी गई. इसके पहले दिलनूर को 5 जनवरी को दो बार कॉल किया गया था. लेकिन दिलनूर ने कॉल नहीं उठाया, 6 जनवरी को भी विदेशी नम्बर से कॉल किया गया. दिलनूर कि शिकायत के मुताबिक उसने कॉल उठाई, लेकिन जब बात अजीब लगने लगी, तो उसने कॉल काट दिया. जिसके बाद सिंगर को वॉयस मैसेज भेजा गया, उन्होंने मामले को लेकर मोहाली में शिकायत दर्ज कराई है.
बी प्राक को धमकी देने वाले कॉलर ने अपना नाम आरजू बिश्नोई बताया. आरजू बिश्नोई जो लॉरेन्स बिश्नोई गैंग का है और विदेश में छिप कर बैठा है. उसने फोन पर धमकी देते हुए कहा कि हेलो आरजू बिश्नोई बोल रहा हूं, उसको बी प्राक को मैसेज कर देना कि 10 करोड़ रुपये चाहिए. तेरे पास एक हफ्ते का टाइम है. जिस मर्जी देश में चला जा. आसपास इसके साथ वाला कोई भी मिल गया ना तो नुकसान कर देंगे. और इसको फेक कॉल मत समझना. मिल के चलेगा तो ठीक नहीं तो उसको बोल मिट्टी में मिला देंगे. मैसेज के मिलने के बाद दिलनूर ने 6 जनवरी को ही एसएसपी मोहाली को लिखित शिकायत दी थी, जिस पर फिलहाल जांच जारी है.
बी प्राक बॉलीवुड का एक बड़ा नाम हैं, उनका असली नाम प्रतीक बच्चन है. वो अपनी भावनात्मक और दिल छू लेने वाली आवाज के लिए मशहूर हैं. म्यूजिक की दुनिया में उन्होंने संगीत निर्माता के तौर पर शुरूआत की. फिर ‘मन भरया’ से गायक बने और ‘केसरी’, ‘गुड न्यूज’, ‘शेरशाह’ जैसी फिल्मों में गाने दिए.
