होली पर कभी मिस नहीं होता 45 साल पुरानी फिल्म का गाना, जिसमें आखिरी बार अमिताभ बच्चन-रेखा के साथ आए थे नजर
देशभर में 4 मार्च को होली का त्योहार मनाया जाएगा. हर साल की तरह इस साल भी लोगों को होली का बेसब्री से इंतजार है. होली पर रंग, गुलाल चाहें कितने भी लगाए जाएं, लेकिन एक चीज है जिसके बिना ये त्योहार अधूरा माना जाता है और वो है होली के गाने. लगभग हर साल हिंदी और भोजपुरी इंडस्ट्री में होली से जुड़े कई गाने रिलीज किए जाते हैं, लेकिन अमिताभ बच्चन का एक पुराना गाना हर बार होली के नए गानों पर भारी पड़ जाता है. अमिताभ बच्चन का एक गाना ऐसा है जिसके बिना होली का त्योहार ही अधूरा सा लगता है, वो गाना है रंग ‘बरसे भीगे चुनर वाली रंग बरसे’.
14 अगस्त 1981 को रिलीज हुई ‘सिलसिला’ फिल्म का ‘रंग बरसे भीगे चुनर वाली’ आज भी लोगों का सबसे पसंदीदा होली सॉन्ग है. 45 साल बाद भी जब होली पार्टी में ये गाना बजता है तो थिरकने वालों के पैर नहीं रुकते हैं. इस गाने से जुड़ी दिलचस्प बातें भी हैं. जैसे, इस गाने को अमिताभ बच्चन के पिता और मशहूर कवि हरिवंशराय बच्चन ने लिखा था. जबकि गाने में बिग बी ने अपनी आवाज दी थी. ‘रंग बरसे भीगे चुनर वाली’ गाने को अमिताभ बच्चन और रेखा पर फिल्माया गया था. ये आखिरी बार था जब रेखा और अमिताभ ने किसी फिल्म में साथ काम किया था. इस गाने में रेखा और अमिताभ के अलावा जया बच्चन और संजीव कुमार भी नजर आए हैं.
फिल्म के डायरेक्टर और प्रोड्यूसर खुद यश चोपड़ा थे. जिनकी भरपूर कोशिशों के बाद रेखा और जया एक साथ काम करने को राजी हुई थीं. लेकिन उस दौर में फिल्म का जादू इंडिया में चल ही नहीं सका था. यशराज बैनर के इस फिल्म को लोगों ने सिरे से नकार दिया था, हालांकि इंडिया में फ्लॉप हुई इस फिल्म को इंग्लैंड और अमेरिका के हिंदी सिने प्रेमियों ने खूब पसंद किया था.
