एक्ट्रेस-सिंगर सुलक्षणा पंडित का निधन, 71 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
बॉलीवुड एक्ट्रेस और सिंगर सुलक्षणा पंडित का मुंबई में गुरुवार शाम 7 बजे निधन हो गया। वे 71 साल की थीं। उनका निधन हार्ट अटैक के कारण हुआ। वे काफी समय से बीमार थीं। सुलक्षणा पंडित ने मुंबई के नानावटी अस्पताल में आखिरी सांस ली। उनके अंतिम संस्कार की तैयारियां शुक्रवार को विले पारले (मुंबई) के पवन हंस श्मशान घाट में शुरू हो गई हैं। बॉलीवुड सेलेब्स श्रद्धांजलि देने पहुंचे। सुलक्षणा के भाई ललित पंडित ने बताया कि उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी और तबीयत ठीक नहीं लग रही थी। हम उन्हें नानावटी अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनका निधन हो गया।
सुलक्षणा पंडित का जन्म 12 जुलाई 1954 को हुआ था। वे एक संगीत से जुड़े परिवार से थीं। उनके चाचा महान शास्त्रीय गायक पंडित जसराज थे। उनके तीन भाई और तीन बहनें थीं। भाइयों में जतिन और ललित मशहूर म्यूजिक डायरेक्टर हैं। वहीं, उनकी बहन विजयता पंडित अभिनेत्री और पार्श्व गायिका रही हैं।
1967 की फिल्म ‘तकदीर’ में उन्होंने लता मंगेशकर के साथ मशहूर गीत ‘सात समुंदर पार से’ गाया था। साल 1975 में फिल्म ‘संकल्प’ के गाने ‘तू ही सागर है तू ही किनारा’ के लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला। उन्होंने किशोर कुमार, मोहम्मद रफी, येशुदास और उदित नारायण जैसे गायकों के साथ गाने गाए। 1980 में उनका एल्बम ‘जज्बात’ (HMV) रिलीज हुआ, जिसमें उन्होंने गजलें गाईं।
1986 में उन्होंने लंदन के रॉयल अल्बर्ट हॉल में फेस्टिवल ऑफ इंडियन म्यूजिक में भी प्रस्तुति दी।
