सूर्या ने सैमसन के सम्मान में टोपी उतारी, जीत के बाद संजू घुटनों पर बैठे

भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हरा दिया। रविवार को वेस्टइंडीज के 195 रन के जवाब में भारत ने 19.2 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया। लेकिन स्कोरकार्ड से ज्यादा याद रह गया वो पल, जब 97* रन बनाकर विजयी शॉट लगाने वाले संजू सैमसन घुटनों पर बैठ गए। सूर्या ने टोपी उतारकर अपने मैच विनर को सलाम किया और ईडन गार्डेन्स तालियों से गूंज उठा। इससे पहले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने धूल उड़ाकर बॉलिंग एंड चुना।

संजू सैमसन ने 20वें ओवर में रोमारियो शेफर्ड की दूसरी गेंद पर चौका लगाकर भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाया। विनिंग शॉट लगाने के बाद उन्होंने हेलमेट निकालकर बाईं ओर फेंक दिया। इसके बाद वह घुटनों के बल बैठ गए, आसमान की ओर देखा और फिर हाथ जोड़कर भगवान को शुक्रिया कहा। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मैच जीतने के बाद शानदार पारी खेलने वाले संजू सैमसन का अनोखे तरीके से सम्मान किया। सैमसन ने 20वें ओवर की पहली गेंद पर छक्का और दूसरी गेंद पर चौका लगाकर भारत को मैच जिताया। नाबाद पारी खेलने के बाद जब सैमसन डगआउट की ओर जा रहे थे, तब कप्तान सूर्या ने अपनी टोपी उतारी और सिर झुकाकर उनका सम्मान किया।

भारतीय बॉलिंग शुरू होने से पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एंड चुनने से पहले अनोखा तरीका अपनाया। उन्होंने दोनों एंड पर जाकर धूल उड़ाई और हवा का रुख पता किया। उसके बाद उन्होंने गेंदबाज अर्शदीप सिंह से बात की। इसके बाद सूर्या के बताए एंड से अर्शदीप ने पहला ओवर डाला।