“तेजस्वी यादव दूधमुंहा बच्चा है”… दूध का दांत भी नहीं टूटा.. तेज प्रताप यादव ने भाई तेजस्वी को लेकर दिया बड़ा बयान
बिहार में विधानसभा चुनाव की पहली फेज की वोटिंग की तरीख नजदीक है. ऐसे सभी राजनीतिक दल प्रचार प्रसार में लगे हुए हैं तेज प्रताप यादव ने मुख्यमंत्री पद के लिए अपनी दावेदारी पेश कर दी. वहीं अपने भाई और RJD नेता तेजस्वी यादव पर भी हमला बोलते हुए उन्हें ‘दूधमुंहा बच्चा’ कहा है. तेजस्वी यादव ने दावा किया कि उनकी पार्टी इस चुनाव में 20 से 30 सीटें जीत रही है और सरकार की चाबी महुआ की जनता के हाथ में रहने वाली है.
तेज प्रताप यादव ने कहा कि वो आम लोगों के बीच किसी के भी घर या खाट पर बैठ जाते हैं. उन्होंने अपने विरोधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वो किसी की तरह झुनझुना बजाकर रोने वाले नेताओं में से नहीं हैं. उन्होंने कहा कि जो नेता खुद रोएगा वो जनता का दुख-दर्द क्या समझेगा. परिवार से अलग होने के बाद अलग चुनाव लड़ने पर उन्होंने कहा कि वो अकेले नहीं हैं. महुआ की जनता उनके साथ है और उनका परिवार है. उन्होंने महुआ के लिए किए गए अपने कामों को गिनाते हुए बताया कि उन्होंने महुआ को मेडिकल कॉलेज दिया, ताकि लोगों को पीएमसीएच जाने की लंबी दूरी तय न करनी पड़े. अब उनका अगला लक्ष्य इलाके में एक इंजीनियरिंग कॉलेज खोलना है. उन्होंने कहा कि वो जो वादा करते हैं उसे पूरा करके दिखाते हैं.
तेज प्रताप ने कहा कि उनकी माताजी (राबड़ी देवी) का आशीर्वाद हमेशा उनके साथ है.. उन्होंने अपने खिलाफ रचे गए षड्यंत्रों पर जवाब देते हुए कहा कि जयचंद जो भी षड्यंत्र रच रहे हैं. उन्हें रचने दें, क्योंकि जनता चुनाव में जीत के रूप में मुंहतोड़ जवाब देगी.
मुख्यमंत्री बनने की दावेदारी पर तेज प्रताप ने सीधा दावा न करते हुए कहा “अगर जनता बनाएगी तो मुख्यमंत्री बन जाएगे” और ये महुआ के लोगों के लिए सौभाग्य की बात होगी. उन्होंने कहा कि जनता ही मालिक है वही बनाती है और बिगाड़ती है. उन्होंने कहा कि अगर उनकी पार्टी सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है तो सरकार की चाबी महुआ के पास होगी और महुआ की जनता ही तय करेगा कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा. वो उसी का साथ देंगे जो महुआ में इंजीनियरिंग कॉलेज खोलने का वादा पूरा करेगे.
तेज प्रताप ने अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव के बारे में कहा कि वो हमेशा खुद को कृष्ण और तेजस्वी को अर्जुन मानते थे, लेकिन अगर तेजस्वी उन्हें कृष्ण भगवान को नहीं समझ रहे हैं तो अलग बात है. उन्होंने कहा कि तेजस्वी अभी दूधमुंहा बच्चा है, जिसका दूध का दांत भी नहीं टूटा है. उन्होंने कहा कि बच्चा कुछ भी बोलता है. सबकी गलती माफ है.
