जम्मू कश्मीर के पुलवामा में तापमान -4.6°, कोहरे के चलते यूपी में 24 गाड़ियां टकराईं, 1 मौत, 40 घायल

जम्मू कश्मीर के पुलवामा में कल गुरुवार रात इस सीजन की सबसे ठंडी रही। यहां का तापमान -4.6°C रहा। वहीं, हरियाणा के हिसार में सर्दी से पिछले दो साल का रिकॉर्ड टूट गया। यहां का तापमान 0.2 डिग्री दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश के 35 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कोहरे की वजह से 24 घंटे में पूरे यूपी में 8 हादसे हुए। इन हादसों में 24 गाड़ियां टकराईं। हादसे में 1 व्यक्ति की मौत हुई वहीं 40 लोग हायल हो गए।

पंजाब के जालंधर में कोहरे के चलते राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का आज का दौरा रद्द हो गया है। उनकी फ्लाइट अमृतसर से टेकऑफ नहीं कर सकी। उन्हें जालंधर NIT में दीक्षांत समारोह में शामिल होना था। उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना है। उत्तरकाशी में गंगोत्री नेशनल पार्क, भागीरथी नदी और जाड गंगा झरना जम चुका है।

उधर, दिल्ली में पांच दिन की शीतलहर के बाद सर्दी से थोड़ी राहत मिली। शहर का न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो एक दिन पहले के मुकाबले लगभग दो डिग्री ज्यादा था। सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के डेटा के अनुसार, दिल्ली की हवा की क्वालिटी एक गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। शुक्रवार सुबह 7 बजे ओवरऑल एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 346 रिकॉर्ड किया गया, जो इसे बहुत खराब कैटेगरी में रखता है। राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में AQI लेवल 300 से ऊपर दर्ज किया गया।

CPCB के सुबह 7 बजे तक के डेटा के अनुसार, आनंद विहार में 354, अशोक विहार में 367, ITO में 362, और RK पुरम में 374 AQI दर्ज किया गया। पटपड़गंज में 372, वज़ीरपुर में 374, चांदनी चौक में 370, और द्वारका सेक्टर 8 में 369 AQI दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *