UP-राजस्थान और महाराष्ट्र के 4 शहरों में पारा 44°C पार, ओडिशा के 4 जिलों में स्कूल बंद

देश के कई हिस्सों में लू का असर तेज होता जा रहा है। यूपी, राजस्थान और महाराष्ट्र के 4 शहरों में पारा 44°C के पार पहुंच गया है। गुरुवार को राजस्थान के श्रीगंगानगर में तापमान सबसे ज्यादा 44.5°C दर्ज हुआ। यूपी के प्रयागराज और महाराष्ट्र के अमरावती में 44.4°C, वहीं अकोला में 44.3°C पारा रिकॉर्ड हुआ। बढ़ती गर्मी के कारण राजस्थान के जयपुर, कोटा, चित्तौड़गढ़, जैसलमेर और दौसा में स्कूलों की टाइमिंग समय सुबह 7.30 बजे से कर दी गई है। बीकानेर, झुंझुनूं और जैसलमेर में सरकारी योजनाओं काम के समय में भी बदलाव किया गया है। अब मजदूर सुबह 6 बजे से दोपहर 1 बजे तक ही काम करेंगे। इधर, केरल में लू लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। कन्नूर जिले में बढ़ते तापमान के बीच गर्मी से हुई मौत का यह पहला मामला है।

ओडिशा में भी गुरुवार को हीटवेव का असर जारी रहा। झारसुगुड़ा और तालचेर में तापमान 44°C दर्ज किया गया। राज्य के 24 जगहों पर तापमान 40°C और उससे ज्यादा रहा। कटक में स्कूल और कॉलेजों की छुट्टियां 27 अप्रैल तक बढ़ा दी गई हैं। वहीं रायगढ़ा, झारसुगुड़ा और गंजाम जिलों में 26 अप्रैल तक स्कूल बंद रहेंगे।

25 अप्रैल:

छत्तीसगढ़, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में हीटवेव चलने की संभावना है।
आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, गुजरात, ओडिशा और तमिलनाडु में गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है।
26 अप्रैल:

बिहार, छत्तीसगढ़, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में हीटवेव चलेगी। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, ओडिशा और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में गर्म रातें (वार्म नाइट कंडीशन) रहने की भी आशंका है।
आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, गुजरात, गोवा, ओडिशा और तमिलनाडु में बहुत ज्यादा गर्म और उमस भरा मौसम हो सकता है।