राजस्थान-बिहार समेत 10 राज्यों में आंधी-बारिश, यूपी के 64 जिलों में आज भी अलर्ट
राजस्थान, बिहार और उत्तराखंड समेत 10 राज्यों में आंधी-बारिश का दौर जारी है। राजस्थान में रविवार को खराब मौसम के कारण तीन लोगों की मौत हो गई। दौसा के लालसोट और कोटपूतली-बहरोड़ के नारायणपुर में ओले गिरे। यूपी में आंधी-बारिश जारी है। आज कानपुर, सुल्तानपुर और बाराबंकी समेत 64 जिलों में आंधी, बारिश और ओले गिरने का अलर्ट है। लखनऊ में सुबह-सुबह तेज हवा चल रही है। वहीं पिछले 24 घंटे में जालौन सबसे गर्म शहर रहा। यूपी के सुल्तानपुर में पेड़ की डाल गिरने से एक की मौत हो गई। राजस्थान के दौसा, कोटपूतली-बहरोड़, अलवर और हनुमानगढ़ में आंधी के साथ बारिश हुई। ओले भी गिरे। कई झुग्गी-झोपड़ियां उजड़ गईं। जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर पेड़ गिरने से 40 मिनट तक जाम रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के 19 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज और 8 जिलों में यलो अलर्ट है।
हरियाणा के सिरसा, भिवानी और महेंद्रगढ़ में रविवार को तेज बारिश के साथ ओले गिरे। उत्तराखंड के भी 11 जिलों में बारिश हुई। नैनीताल, देहरादून और अल्मोड़ा में ओले भी गिरे। जम्मू-कश्मीर के लघामा में लैंडस्लाइड के बाद बारामूला-उरी नेशनल हाईवे बंद कर दिया गया। ट्रैफिक को उरी की ओर बांदी-परानपिलन-दाची मार्ग से डायवर्ट किया गया है।
रविवार को राजस्थान के फलोदी में 44.8°C और महाराष्ट्र के वर्धा में 43.5°C तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज 13 राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, 10 राज्यों में आंधी के साथ बिजली गिरने की आशंका है।
5 मई:
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश के साथ बिजली गिरने का अनुमान है।
यूपी, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और ओडिशा में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट है।
असम, मेघालय और अरुणाचल में कुछ जगह भारी बारिश का अनुमान है।
6 मई:
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश होगी।
यूपी, राजस्थान, बिहार, झारखंड और ओडिशा में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट है।
पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय में बारिश के साथ बिजली गिरने का अनुमान है।
