यूपी-बिहार में आंधी-बिजली से 24 घंटे में 31 मौतें, हरियाणा में तूफान से 15 हजार पेड़ उखड़े

राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में चक्रवात बनने से देश के बड़े हिस्से में मौसम बदल गया है। दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश से लेकर तमिलनाडु तक ट्रफ बनी हुई है, जिससे उत्तर, मध्य और दक्षिण भारत में बारिश का असर है। पिछले 24 घंटे में बिहार, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पूर्वोत्तर के राज्यों में आंधी और तेज बारिश हुई। यूपी में आंधी-बारिश की वजह से 8 लोगों की मौत हो गई। पीलीभीत में ईंट-भट्ठे की 100 फीट ऊंची चिमनी ढह गई। गाजीपुर में कच्चे मकान की दीवार ढह गई। बिहार में सोमवार को 22 जिलों में आंधी के साथ तेज बारिश हुई। बिजली गिरने से 7 बच्चों समेत 23 लोगों की मौत हो गई। 2 महिलाएं झुलस गईं। आज 18 जिलों तेज बारिश का अलर्ट है। राजस्थान में सोमवार को तापमान में 8°C की गिरावट आई। जयपुर समेत कई शहरों को अधिकतम तापमान 35°C से कम रहा। हरियाणा में तेज आंधी से 15 हजार से ज्यादा पेड़ उखड़ गए।

हिमाचल प्रदेश के सोलन का तापमान सोमवार को 4.8°C रहा। यह मई महीने का अब तक का सबसे कम तापमान है। इससे पहले 14 मई 2021 को 9.4°C तापमान रहा था। ताबो का पारा 3.5°C और कुकुमसेरी का 4.1°C रहा।

6 मई:

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश के साथ 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है।
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, यूपी और राजस्थान में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट है।
बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा है।

7 मई:

असम, मेघालय और अरुणाचल में बिजली गिरने और कुछ जगह भारी बारिश का अलर्ट है।
यूपी, बिहार, झारखंड और ओडिशा में बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा।
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और दक्षिण भारत के हिस्सों में तेज हवा के साथ हल्की बारिश हो सकती है।