आज 50Km रफ्तार से चलेगी हवा, कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी, 5 दिन बदला रहेगा मौसम
चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका के प्रभाव से 10-11 जून तक छत्तीसगढ़ में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर बिजली चमकने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है। इसका ज्यादा असर दक्षिण छत्तीसगढ़ देखने को मिलेगा। अगले 5 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है रायपुर में सोमवार को आकाश में आंशिक मेघमय रहने के साथ हल्की व मध्यम बारिश होने और अंधड़ चलने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 42 डिग्री सेल्सियस और 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुसमी में 7 सेमी और कापू में 3 सेमी वर्षा दर्ज की गई है। रायपुर (माना) में सर्वाधिक तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस और पेंड्रा रोड में सबसे न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अगले 3-4 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना के कुछ हिस्सों, आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, तमिलनाडु के शेष हिस्सों और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ हिस्सों, पूर्वांचल राज्यों के शेष हिस्सों और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियाँ हैं, ऐसे में संभावना है कि एक हफ्ते के अंदर 12 से 15 जून के बीच प्रदेश में मानसून प्रवेश कर सकता है। आमतौर पर मानसून जून के दूसरे या तीसरे सप्ताह (10 से 15 जून के बीच) बस्तर के रास्ते प्रवेश करता है।
