यूपी में आंधी-बारिश से पेड़-पोल उखड़े, कार पर गिरे,एमपी में बिजली, पंजाब में पेड़ गिरने से 2 मौतें
देश में 15 दिन से छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर अटका मानसून सोमवार को आगे बढ़ा है। पश्चिमी तट पर मुंबई से 20 किमी दूर अलीबाग तक पहुंच गया है। अगले 24 घंटे में मुंबई पहुंच सकता है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली में प्री-मानसून बारिश हो रही है। मध्य प्रदेश के 17 जिलों में सोमवार को बारिश हुई। छतरपुर में बिजली गिरने से दो लड़कियां झुलस गईं। इनमें से एक की अस्पताल में मौत हो गई। उत्तर प्रदेश के 6 शहरों में सोमवार दोपहर बाद बारिश हुई। बस्ती में आंधी-बारिश की वजह से पेड़-पोल उखड़ गए। एक पेड़ कार पर गिरा। सड़क पर पोल गिरने से ट्रैफिक जाम हो गया।
पंजाब के अमृतसर में आंधी से पेड़ गिरने से बच्चे की मौत हो गई। राजस्थान के बीकानेर, जयपुर और कोटा संभाग के कई इलाकों में सोमवार को तेज बारिश हुई। श्रीगंगानगर जिले में बारिश के साथ ओले भी गिरे। हैदराबाद में तेज बारिश हुई। कई सड़कों और कॉलोनियों में पानी भर गया। कई इलाकों में बिजली भी गुल रही। मंगलवार सुबह 5 बजे तक केथीरेड्डीपल्ली में 12.9 सेमी, चंदानगर में 12.7 सेमी और लिंगमपल्ली में 11.7 सेमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने तेलंगाना के जगतियाल, राजन्ना सिरसिल्ला, मेडक और कामारेड्डी जिलों में मंगलवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मुंबई में भी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी दी है।
मध्य प्रदेश, विदर्भ और उत्तर प्रदेश को मानसून के लिए एक हफ्ता और इंतजार करना पड़ सकता है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब को जुलाई तक इंतजार करना होगा।
सोमवार तक देश में सामान्य 106 मिमी की तुलना में सिर्फ 60.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यानी अभी तक 43% कम बारिश हुई है।
