नेतन्याहू से ट्रम्प बोले- संभलकर चलो, वरना अकेले पड़ जाओगे, तेहरान पर बड़े हमले रोकने को कहा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को ईरान पर बड़े हमले न करने की सलाह दी है। ट्रम्प को डर है कि अगर जंग बढ़ी तो अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौता खतरे में पड़ सकता है। ईरान और इजराइल के बीच तनाव बढ़ने के बाद ट्रम्प ने नेतन्याहू से फोन पर बात की। एक्सिओस की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रम्प ने उनसे कहा, “बीबी, संभलकर चलो, नहीं तो बहुत जल्द तुम अकेले पड़ जाओगे।”
ट्रम्प की चिंता है कि इजराइल के हमले अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बातचीत को पटरी से उतार सकते हैं। उनका मानना है कि दोनों देशों के बीच समझौते की संभावना अभी भी बनी हुई है। तनाव तब बढ़ा जब इजराइल ने बेरूत में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर हमला किया। इसके जवाब में ईरान ने इजराइल पर मिसाइलें दागीं। बाद में इजराइल ने भी ईरान के अंदर सीमित हमले किए।
रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रम्प ने नेतन्याहू पर दबाव बनाया कि वे तेहरान के खिलाफ बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान न चलाएं। इसके बाद इजराइल आगे की कार्रवाई रोकने पर राजी हो गया, बशर्ते ईरान भी हमले बंद करे। हालांकि नेतन्याहू ने कहा कि इजराइल जरूरत पड़ने पर फिर कार्रवाई करेगा और ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा।
