ट्रम्प बोले- ईरान के खिलाफ हर हाल में जंग जीतेंगे, वे समझौता करेंगे या तबाह हो जाएंगे
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान के खिलाफ जारी जंग अमेरिका हर हाल में जीतेगा। चीन रवाना होने से पहले उन्होंने कहा, “ईरान या तो समझौता करेगा या फिर तबाह हो जाएगा।” ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका के पास हालात संभालने के लिए हर विकल्प मौजूद है। उन्होंने बताया कि चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ उनकी बातचीत में ईरान युद्ध और होर्मुज स्ट्रेट संकट पर भी चर्चा होगी। हालांकि, व्यापार बैठक का मुख्य मुद्दा रहेगा। रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका ने 74 दिनों की जंग में अब तक कम से कम 29 अरब डॉलर खर्च किए हैं। यह रकम सिर्फ हथियारों और सैन्य उपकरणों पर खर्च हुई है। इसमें सैन्य ठिकानों को हुए नुकसान का खर्च शामिल नहीं है। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कांग्रेस से अतिरिक्त रक्षा बजट की मांग की। उन्होंने कहा कि दुनिया की सबसे ताकतवर सैन्य शक्ति बने रहने के लिए अमेरिका को 1.5 लाख करोड़ डॉलर की जरूरत है।
UAE ने हिजबुल्लाह से कथित संबंधों के आरोप में 21 लेबनानी लोगों और संगठनों पर प्रतिबंध लगा दिया है। सरकारी समाचार एजेंसी वाम के मुताबिक, इनमें 16 लेबनानी नागरिक और UAE में मौजूद पांच संगठन शामिल हैं। UAE का आरोप है कि ये लोग और संगठन उन समूहों की मदद कर रहे थे जिन्हें आतंकी संगठन घोषित किया गया है। सरकार ने देश की सभी रेगुलेटरी एजेंसियों को आदेश दिया है कि वे 24 घंटे के भीतर इन लोगों और संस्थाओं की पहचान करें और उनकी संपत्तियां फ्रीज करने समेत जरूरी कार्रवाई करें।
