असम में नकली नोट के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

राष्ट्रीय

नगांव : जिले में बीती रात 33 लाख रुपये के नकली नोटों के साथ दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने गुरुवार को बताया है कि गिरफ्तार किये गए दोनों की पहचान जुरिया निवासी शराफत अली और नूर हुसैन के रूप में हुई है। दोनों को नगांव शहर के धींग गेट से गिरफ्तार किया गया। इनके पास मिली एक स्विफ्ट कार को भी जब्त किया गया है। यह अभियान नगांव के हैबरगांव पुलिस चौकी की मदद से चलाया गया और इसका नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रूपज्योति कलिता ने किया। नकली नोटों की कुल जब्ती 33 लाख 52 हजार 500 रुपये बतायी गई है। पुलिस इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज कर दोनों से पूछताछ कर रही है।