नेपाल में दो हेलिकॉप्टर्स की भयंकर टक्कर, उड़े परखच्चे, Video आया सामने
नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में दो हेलिकॉप्टरों की टक्कर हो गई. इस हादसे में एक विदेशी नागरिक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया. दोनों हेलिकॉप्टर फेरीचे हेलिपैड पर उतर रहे थे, तभी उनके पंखे आपस में टकरा गए. नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने बताया कि, फिस्टेल एयर और डायनेस्टी एयर के हेलिकॉप्टर फेरीचे हेलिपैड पर उतरते समय आपस में टकरा गए. प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ज्ञानेन्द्र भुल ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों हेलिकॉप्टरों के पंखे टकराए हैं. हादसे के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है.
सोलुखुम्बु जिला पुलिस कार्यालय के डीएसपी नवीनराज बुढाथोकी ने भी हादसे की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि, खुम्बु पासांगल्हामु के फेरीचे हेलिपैड पर उतरते समय दोनों हेलिकॉप्टरों के पंखे आपस में टकरा गए.
पुलिस निरीक्षक मौसम तामांग ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाला व्यक्ति विदेशी नागरिक था. मृतक का शव प्रभु हेलिकॉप्टर से लुक्ला लाया गया है. हादसे में घायल एक व्यक्ति को इलाज के लिए माउंटेन हेलिकॉप्टर से भेजा गया है. फिलहाल दुर्घटना के कारणों और इससे जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं.
🚨 नेपाल से बड़ी खबर!
नेपाल के सोलुखुम्बू जिले में दो हेलीकॉप्टरों के बीच टक्कर की खबर सामने आई है। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
#Nepal #HelicopterCrash #Solukhumbu https://t.co/DMZ2mUlLq3
— Seedha Samvaad (@Seedha_sanvad) November 3, 2026
इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. इसमें हेलिपैड पर हेलिकॉप्टरों की गतिविधियां देखी जा सकती हैं. दोनों हेलिकॉप्टर लैंडिंग के दौरान आपस में टकरा गए. दोनों के पंखें आपस में टकराने से हेलिकॉप्टरों के परखच्चे उड़ गए.
नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में दो हेलीकॉप्टरों की टक्कर में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान हो गई है. जिला प्रशासन के मुताबिक, मृतक 47 वर्षीय भारतीय नागरिक वसंत कुमार बलारा माडू थे. हादसे में घायल व्यक्ति की पहचान 53 वर्षीय शैलेश किशन पटेल के रूप में हुई है. वह भारतीय मूल के न्यूजीलैंड के नागरिक हैं. इस हादसे में फिस्टेल एयर के पायलट को भी मामूली चोट आई है.
