LPG से लदे दो भारतीय जहाजों ने सुरक्षित पार किया होर्मुज स्ट्रेट, 5 अब भी इंतजार में
पश्चिम एशिया में जंग का असर जारी है. इसके चलते दुनियाभर में तेल और गैस का संकट गहराता जा रहा है. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में रुकावट आने से समस्या और गंभीर हो गई है. भारत के कई तेल और गैस से लदे जहाज भी इस मार्ग में फंसे हुए हैं. इस बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. दो LPG टैंकर, BW ELM और BW TYR, ईरान जंग के बीच खतरनाक बनी होर्मुज स्ट्रेट को सफलतापूर्वक पार कर गए हैं. दोनों जहाज साए की तरह साथ-साथ चलते हुए करीब 27 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गल्फ ऑफ ओमान की ओर बढ़ रहे हैं. भारत के 7 जहाज दो दिनों से यूएई के नज़दीक समुद्र में लंगर डाले खड़े थे. दो LPG टैंकरों की सुरक्षित रवानगी के बाद अब 5 भारतीय जहाज अपनी बारी का इंतज़ार कर रहे हैं. ये सभी जहाज क्रूड ऑयल टैंकर हैं.
जानकारी के मुताबिक पहला जहाज BW ELM इस समय ओमान गल्फ में मौजूद है. यह एक LPG टैंकर है. BW ELM (IMO: 9320752) भारत के झंडे के तहत चल रहा है. इसकी कुल लंबाई (LOA) 225.27 मीटर और चौड़ाई 36.62 मीटर है.
वहीं, दूसरा जहाज BW TYR भी इस समय ओमान गल्फ में मौजूद है. यह भी एक LPG टैंकर है. BW TYR (IMO: 9346122) भी भारत के झंडे के तहत संचालित हो रहा है. इसकी कुल लंबाई (LOA) 225 मीटर और चौड़ाई 36.6 मीटर है.
ईरान ने जारी जंग के बीच 5 देशों को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से सुरक्षित राह देने की बात कही थी. ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने जानकारी दी थी कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पूरी तरह बंद नहीं है और भारत समेत कुछ मित्र देशों के जहाज़ों को सुरक्षित रास्ता दिया जाएगा. ईरान ने भारत, चीन, रूस, इराक और पाकिस्तान के जहाज़ों को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने की अनुमति दी थी.
