जगदलपुर में भिड़े 2 गुट, 19 लोगों पर FIR, गाड़ी हटाने को लेकर रईसजादों के बीच विवाद
छ्त्तीसगढ़ : जगदलपुर में दिवाली की रात 2 गुटों में जमकर मारपीट हुई थी। युवकों ने एक-दूसरे को दौड़ा-दौड़ाकर मारा था। इस मामले में अब पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 19 लोगों पर FIR दर्ज कर ली है। बताया जा रहा है कि इनमें कांग्रेस के पार्षद और नेता शामिल हैं, जबकि भाजपा के कार्यकर्ताओं के परिवार के सदस्य हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तरफ से काउंटर FIR दर्ज की है। इससे पहले दिवाली की रात दोनों पक्षों के बीच पुलिस थाने में ही समझौता हो गया था। अब पुलिस ने अभिनव सिंह कुशवाह की शिकायत पर (जिसमें कांग्रेस के लोग हैं) रोहित सुराना, लोकेश चौधरी, सौरभ सेठिया, अयान राजा, नवनीत कोष्टा समेत अन्य पर केस दर्ज किया है।
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से प्रकाश सेठिया की ओर से मिली शिकायत के आधार पर आर्यन अवस्थी, अभिनव कुशवाह, आर्यन गुप्ता, अभिषेक, रजत कुशवाह, हर्ष, करन अरोरा, प्रांशु कुशवाह, राजा कुशवाह पर FIR दर्ज हुई है। इनपर भी 191 (2), 296, 115 (2) के तहत FIR दर्ज की गई है। इन दोनों पक्षों के बीच सड़क पर खड़ी गाड़ी हटाने को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्ष के लोग कांग्रेस और भाजपा में राजनीति से जुड़े हुए हैं। रईसजादे और बड़े घर के लड़के हैं। यही वजह थी कि इन्हें पुलिस का भी खौफ नहीं था। पहले सिटी कोतवाली के ठीक सामने इन्होंने बवाल किया, झगड़ा किया, फिर पुलिस थाने में ही घुसकर विवाद किया था। बड़ी बात है कि उस रात पुलिस थाने के सामने जमकर मारपीट चलती रही।
लेकिन पुलिस बाहर पहुंचकर विवाद शांत नहीं करवा पाई थी। भीड़ थाने के अंदर घुसी और यहां भी बवाल हुआ था। उस रात दोनों पक्षों के बीच समझौता करवा दिया गया था। जब मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ तो उसके बाद पुलिस ने FIR दर्ज करवाई। थाना प्रभारी ने कहा कि, दोनों तरफ से की लिखित शिकायत की गई है। जमानतीय धाराओं पर काउंटर FIR दर्ज हुई है। मामले की जांच भी जारी है।
