UP :सहकारी-बैंक के छत से झरने की तरह गिर रहा पानी, खुर्जा में जर्जर बिल्डिंग..
उत्तरप्रदेश : बुलंदशहर जिले के खुर्जा में स्थित सहकारी ग्राम विकास बैंक की स्थिति चिंताजनक हो गई है। बैंक की छत से बारिश का पानी झरने की तरह गिर रहा है। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बैंक के शाखा प्रबंधक ने बताया कि बिल्डिंग बेहद जर्जर स्थिति में है। लगातार हो रही बारिश के कारण छत से पानी रिस रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले की जानकारी अधिकारियों को दे दी गई है। स्थिति यह है कि कर्मचारियों को पानी गिरने के बीच ही काम करना पड़ रहा है। कर्मचारियों को किसी बड़े हादसे का डर सता रहा है। दिल्ली से मात्र 90 किलोमीटर दूर स्थित इस बैंक की दयनीय स्थिति पर सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह की टिप्पणियां कर रहे हैं। बैंक की इमारत की मरम्मत की तत्काल आवश्यकता है। कर्मचारियों की सुरक्षा और बैंक में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेजों की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाए जाने की जरूरत है।
