फेसबुक पर अपलोड किया भारत का गलत नक्शा, प्राचार्य समेत 2 के खिलाफ एफआईआर दर्ज
छत्तीसगढ़ : होलीक्रॉस वूमेंस कॉलेज अंबिकापुर के आधिकारिक फेसबुक पेज पर भारत का गलत नक्शा अपलोड करना प्राचार्य को भारी पड़ गया। शहर के गोधनपुर निवासी एक व्यक्ति ने गुरुवार को मामले की शिकायत गांधीनगर थाने में की। उसने बताया कि भारत का विकृत व विवादित नक्शा प्रकाशित करना देश की संप्रभुता व अखंडता पर सीधा प्रहार है। इस पर पुलिस ने कॉलेज के प्राचार्य व उनके फेसबुक पेज के संचालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शहर के चर्चित होलीक्रॉस वूमेंस कॉलेज के प्राचार्य शांता जोसेफ व उनके फेसबुक पेज संचालक के खिलाफ गांधीनगर थाने में अपराध दर्ज किया गया है। मामला भारत के नक्शे से छेड़छाड़ कर प्रकाशित करने से जुड़ा हुआ है। मामले की शिकायत गांधीनगर थाने में करते हुए शहर के गोधनपुर निवासी कैलाश मिश्रा ने बताया कि 5 जनवरी 2024 को होलीक्रॉस वूमेंस कॉलेज के आधिकारिक फेसबुक पेज पर स्पोट्र्स डे के बैनर में भारत का एक विकृत व विवादित नक्शा प्रकाशित किया गया।
इसमें अक्साई चीन और पाक अधिकृत काश्मीर (पीओके) को अलग दिखाया गया। यह कोई साधारण चूक नहीं, बल्कि भारत की संप्रभुता और अखंडता पर सीधा प्रहार है। यह नक्शा 1 साल 7 माह तक प्रकाशित रहा। हाल ही में यही नक्शा दोबारा अपलोड होने पर मामला सामने आया।
गांधीनगर पुलिस ने होलीक्रॉस वूमेंस कॉलेज अंबिकापुर की प्राचार्य शांता जोसेफ व उनके फेसबुक पेज के संचालक के के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
