विजयदशमी के मौके पर राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा- ‘आतंकवाद के रावण पर मानवता की विजय का प्रतीक है ऑपरेशन सिंदूर’
विजयदशमी उत्सव पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों को लक्षित आपरेशन सिंदूर का जिक्र कर उसे आतंकवाद के रावण पर मानवता की विजय का प्रतीक बताया। मुर्मु ने कहा कि जब आतंकवाद का दानव मानवता पर प्रहार करता है तब उसका दमन करना अनिवार्य हो जाता है। भारतीय सेना द्वारा किया गया आपरेशन सिंदूर आतंकवाद के रावण पर मानवता की विजय का प्रतीक है। उन्होंने भारत माता की रक्षा में तैनात सभी सैनिकों को नमन करते हुए धन्यवाद दिया। राष्ट्रपति ने लालकिला मैदान के माधवदास पार्क स्थित श्रीधार्मिक लीला समिति के विजयदशमी उत्सव में भाग लिया। उन्होंने इस अवसर पर देशवासियों से अपने अंदर की बुराई के रावण का नाश करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसा कर हम देश में सुख, शांति, आनन्द व प्रेम की नदियां बहाएंगे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने #विजयादशमी उत्सव में भाग लिया, जहाँ उन्होंने पारंपरिक धनुष-बाण चलाया और श्री धर्मिक लीला कमिटी द्वारा आयोजित #रावण_दहन का साक्षी बने।#RavanDahan | #Dussehra2025 | #DussehraCelebration | pic.twitter.com/sgLQZAh2qb
— आकाशवाणी समाचार (@AIRNewsHindi) October 2, 2025
दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और तेज वर्षा हुई। राष्ट्रपति ने वर्षा के बीच ही दिल्ली वालों से जुटे होने का जिक्र करते हुए कहा कि यहां वर्षा के बाद भी विजयदशमी मनाने के लिए दिल्ली के लोग एकत्रित हुए हैं। जब राम ने रावण को युद्ध में हराया, तब से इसे मनाया जा रहा है। हमलोग हर वर्ष रावण का दहन करते हैं। अच्छाई यह है कि लोगों के अंदर की बुराई खत्म होनी चाहिए।
इसके पूर्व राष्ट्रपति ने राज दरबार की आरती उतारी, तिलक लगाया तथा सांकेतिक तीर चलाकर अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया। रावण के पुतले में आग लगते ही रामलीला परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं।
