शेख हसीना के गृहनगर गोपालगंज में लगातार तीसरे दिन हिंसा, पुलिस स्टेशन, BNP सांसद का घर फूंका
बांग्लादेश में मंगलवार शाम एक बार फिर राजनीतिक हिंसा भड़क गई। बैन हो चुकी अवामी लीग और उसकी छात्र शाखा प्रतिबंधित छात्र लीग के कार्यकर्ताओं ने शेख हसीना के गृह जिले टुंगीपाड़ा, गोपालगंज में पुलिस थाने पर हमला कर दिया। कई गाड़ियों में आग लगा दी। हमलावरों ने थाने पर हमला करके हिरासत में बंद कार्यकर्ताओं को छुड़ा लिया। हिंसा सिर्फ थाने तक नहीं रुकी। BNP सांसद के घर जला दिया गया, गाजीपुर में पूर्व मंत्री एकेएम मोजम्मेल हक के घर में आग लगाई गई। ढाका में भी कई बसें फूंकी गईं और दो जगहों पर देसी बम फटे।
हिंसा के बाद से गोपालगंज में अतिरिक्त पुलिस और सेना तैनात की गई है। टुंगीपाड़ा में इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क में दिक्कत की खबरें हैं। इसी हिंसा के बीच फरीदपुर में BNP के एक नेता की हत्या कर दी गई। पुलिस ने कहा है कि हिंसा में शामिल लोगों की पहचान वीडियो से की जा रही है।
मंगलवार की शाम को अवामी लीग और छात्र लीग के कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला और टुंगीपाड़ा थाने को घेर लिया। इसके बाद उन्होंने थाने के अंदर घुसकर हमला किया और वहां खड़ी कई गाड़ियों में आग लगा दी।
पुलिस ने हालात काबू करने के लिए आंसू गैस के गोले, रबर बुलेट और साउंड ग्रेनेड चलाए।स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, तनाव तब भड़का जब खबर फैली कि पुलिस ने कई अवामी लीग कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।
बताया जा रहा है कि मस्जिद के लाउडस्पीकर से ऐलान करके लोगों को थाने के बाहर जुटाया गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में थाने के अंदर कम से कम 3 गाड़ियां जलती दिख रही हैं। हमलावरों के हाथ में डंडे थे और वो “जय बांग्ला, जय बंगबंधु” के नारे लगा रहे थे।
