मैक्सिको में ड्रग माफिया के मारे जाने के बाद भड़की हिंसा, भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी

मैक्सिको में सैन्य कार्रवाई में ‘जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल’ के सरगना ‘एल मेंचो’ की मौत हो गई है. इसके बाद से पूरे मैक्सिको में हिंसा भड़की हुई है. इसके मद्देनजर भारतीय दूतावास ने देश में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए सोमवार को एक परामर्श जारी किया जिसमें उनसे सावधानी बरतने और घरों के अंदर रहने का आग्रह किया गया है. मैक्सिको की सेना ने ‘एल मेंचो’ को रविवार को मार गिराया, जिससे देश का सबसे ताकतवर बन चुका गिरोह नेतृत्वविहीन हो गया है.

मेक्सिको स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मेक्सिको में रहने वाले सभी भारतीय नागरिकों को सूचित किया जाता है कि सुरक्षा अभियान जारी हैं और इससे जुड़े सड़क अवरोध एवं आपराधिक गतिविधियां हो रही हैं. जलिस्को राज्य (पुएर्तो वालार्ता, चापाला और गुआदलहारा के क्षेत्र), तमाउलिपास राज्य (रेयनोसा और अन्य नगरपालिकाओं के क्षेत्र), मिचोआकान राज्य के क्षेत्र, गुएरेरो राज्य और नुएवो लियोन राज्य में रहने वाले भारतीय नागरिकों को अगले आदेश तक सुरक्षित स्थानों पर रहने का परामर्श दिया जाता है.”

दूतावास ने सुरक्षा निर्देश जारी करते हुए कहा, ‘‘कानून प्रवर्तन एजेंसियों की गतिविधियों के आस-पास वाले क्षेत्रों से दूर रहें. अपने आसपास के हालात के प्रति सजग रहें. सुरक्षित स्थान पर आश्रय लें और अपने आश्रयस्थल के बाहर अनावश्यक बाहर नहीं निकलें. ताजा जानकारी के लिए स्थानीय मीडिया पर नजर रखें.”

इसके साथ ही भारतीय दूतावास ने मदद के लिए नंबर भी जारी किया और कहा, “स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें और इमरजेंसी में 911 पर कॉल करें. भीड़ से बचें. अपने परिवार और दोस्तों को फोन, टेक्स्ट और सोशल मीडिया के जरिए अपनी लोकेशन और सेहत के बारे में बताते रहें। मदद के लिए कृपया भारतीय दूतावास से +52 55 4847 7539 पर संपर्क करें.”