टीपू सुल्तान और शिवाजी की तुलना पर कांग्रेस और BJP में हिंसक झड़प, जमकर हुई पत्थरबाजी, कई घायल
कांग्रेस पार्टी के महाराष्ट्र के राज्य अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल द्वारा टीपू सुल्तान और क्षत्रपति शिवाजी की तुलना करने पर विवाद खड़ा हो गया है. इस बयान के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नेता और मेयर मंजुषा नगपुरे की अगुवाई में BJP कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन का घेराव किया और प्रदर्शन किया. इस दौरान दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसा भड़क गई, दोनों तरफ से पत्थरबाजी की गई, जिसमें कांग्रेस के 3 और BJP के 2 कार्यकर्ता घायल हो गए. वहीं, बीच बचाव में दो पुलिसकर्मियों को भी चोट आई है. साथ ही दो पत्रकार भी घायल हो गए. इस हिंसा के बाद शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में BJP और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. वहीं, पुणे शहर के कांग्रेस प्रमुख अरविंद शिंदे ने कहा कि BJP के पदाधिकारियों के खिलाफ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करा दी गई है. उन्होंने मांग की कि मेयर मंजुषा नागपुरे, BJP शहर अध्यक्ष धीरज घाटे, दुष्यंत मोहोल और अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया जाना चाहिए.
BJP के पुणे शहर यूनिट के अध्यक्ष धीरज घाटे ने टीपू सुल्तान की तुलना क्षत्रपति शिवाजी से करने के आरोप में कांग्रेस नेता हर्षवर्धन सपकाल के खिलाफ पार्वती पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कराई. उन्होंने दावा किया कि सपकाल के बयान से हिंदू समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंची हैं.
कांग्रेस नेता हर्षवर्धन सपकाल द्वारा टीपू सुल्तान और छत्रपति शिवाजी की तूलना करने वाली घटना के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र भडनवीस ने प्रतिक्रिया दी और इस बयान को निंदनीय बताया. वहीं, ऑल इंडिया मिजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने टीपू सुल्तान की तारीफ करते हुए कहा कि टीपू सुल्तान की अंगूठी पर ‘राम’ लिखा हुआ था. ओवैसी ने इसे सांप्रदायिक सौहार्द की निशानी बताया.
गौरतलब है कि कांग्रेस नेता हर्षवर्धन सपकाल ने टीपू सुल्तान की तारीफ की थी. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज ने जिस तरह ‘स्वराज्य’ का आइडिया पेश किया, उसी तरह टीपू सुल्तान ने अंग्रेजों के खिलाफ युद्ध का आह्वान किया था. हर्षवर्धन सकपाल ने कहा कि हमें टीपू सुल्तान को वीरता के प्रतीक के रूप में शिवाजी महाराज के समकक्ष मानना चाहिए.
