विराट का टिकट लगभग पक्का… रोहित पर फिटनेस की तलवार, सबा करीम का बड़ा बयान
पूर्व भारतीय क्रिकेटर और चयनकर्ता सबा करीम का मानना है कि विराट कोहली ने अपने प्रदर्शन और फिटनेस से 2027 वर्ल्ड कप के लिए अपनी दावेदारी लगभग पक्की कर ली है. वहीं रोहित शर्मा को अभी चयनकर्ताओं का भरोसा जीतने के लए कड़ी मेहनत करनी होगी. सबा करीम ने कहा, ‘रोहित शर्मा को अपनी फिटनेस और प्रदर्शन दोनों पर काफी मेहनत करनी होगी. अगले 6 महीने चयनकर्ता रोहित के प्रदर्शन और फिटनेस पर कड़ी नजर रखेंगे और उसी आधार पर फैसला लेंगे कि 2027 वर्ल्ड कप के लिए वो उनकी योजना का हिस्सा होंगे कि नहीं’.
विराट कोहली को लेकर उन्होंने कहा, ‘विराट ने अपने खेल, फिटनेस और लगातार रन बनाने की क्षमता से यह साबित कर दिया है कि वह टीम के लिए कितने अहम हैं. मुझे नहीं लगता कि उन्हें अब चयनकर्ताओं के सामने कुछ साबित करने की जरूरत है’. सबा करीम के अनुसार, फिलहाल दोनों दिग्गज खिलाड़ियों की स्थिति अलग-अलग है. जहां विराट लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, वहीं रोहित को अपने खेल में फिर से निरंतरता लानी होगी.
आईपीएल 2026 में भी दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन में बड़ा अंतर देखने को मिला. विराट कोहली ने आरसीबी के लिए 675 रन बनाकर टीम के सफल अभियान में अहम भूमिका निभाई, जबकि रोहित शर्मा का सीजन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा और वह सिर्फ 283 रन ही बना सके. विराट की तारीफ करते हुए सबा करीम ने कहा कि उनकी सबसे बड़ी खूबी खुद को समय के साथ ढालना है.
‘विराट लगातार अपने खेल में सुधार करते रहते हैं. उन्होंने टी20 क्रिकेट में अपना स्ट्राइक रेट बढ़ाया और यह दिखाया कि वह हर फॉर्मेट की मांग के अनुसार खुद को बदल सकते हैं. यही वजह है कि उन्हें आधुनिक क्रिकेट के सबसे बेहतरीन मल्टी-फॉर्मेट खिलाड़ियों में गिना जाता है’.
