बंगाल, असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी की 6 सीटों पर वोटिंग, बंगाल में पुलिस ने हुमायूं कबीर को गिरफ्तार किया
देश के चार राज्यों पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में 6 सीटों पर मंगलवार को वोटिंग जारी है। इस दौरान आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के प्रमुख और विधायक हुमायूं कबीर को बंगाल के मुर्शिदाबाद में उनके पार्टी कार्यालय से पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उन पर चुनाव में अनियमितताओं का आरोप लगाया है। उनके बेटे गुलाम नबी आजाद भी रेजीनगर से उम्मीदवार हैं। वहीं, मीडिया से बात करते हुए नंदीग्राम से कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान ने आरोप लगाया है कि उनके पोलिंग एजेंट्स को जबरन उठाया जा रहा है।
जिन सीटों पर वोटिंग हो रही है, उनमें पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर, तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम, पुडुचेरी की थट्टानचावडी विधानसभा सीट और असम की नगांव लोकसभा सीट शामिल हैं। सभी सीटों के नतीजे 9 अक्टूबर को आएंगे।
नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव के लिए वोटिंग से ठीक एक दिन पहले चुनाव आयोग ने नंदीग्राम थाने के प्रभारी (आईसी) को बदल दिया है।
सोमवार को मौजूदा अधिकारी अजय कुमार मिश्रा को हटाकर उनकी जगह देबाशीष सरकार को नया प्रभारी बनाया गया।
दरअसल, विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग से शिकायत की थी कि अजय कुमार मिश्रा सत्ताधारी पार्टी के करीबी हैं, जिसके बाद आयोग ने यह कार्रवाई की। मिश्रा को 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले यहां तैनात किया गया था।
रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव को लेकर AJUP उम्मीदवार गोलाम नबी आजाद ने दावा किया कि अगर चुनाव निष्पक्ष तरीके से होता तो उनकी जीत 100% तय थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अभी भी पुलिस की ओर से काफी प्लानिंग की जा रही है। उनके मुताबिक, उनकी पार्टी की किसी अन्य दल से नहीं, बल्कि BJP से सीधी टक्कर है।
बागडोगरा में पश्चिम बंगाल BJP अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने AJUP प्रमुख और विधायक हुमायूं कबीर की गिरफ्तारी पर कहा कि चुनाव के दिन पुलिस ने ऐसे लोगों को गिरफ्तार करना अपना कर्तव्य समझा, जो हिंदू-मुस्लिम के बीच विभाजन पैदा करने और लोगों को दंगा भड़काने के लिए उकसा रहे थे। उन्होंने कहा कि नंदीग्राम और रेजीनगर उपचुनाव BJP जीतेगी।
पश्चिम बंगाल विधानसभा उपचुनाव को लेकर राज्य सरकार के मंत्री दिलीप घोष ने रेजीनगर और नंदीग्राम दोनों सीटों पर जीत का पक्का भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि जनता अच्छी तरह जानती है कि कौन सही और बेहतर शासन दे सकता है, इसलिए लोग विकास और सुशासन के नाम पर ही वोट करेंगे।
