युद्ध की तैयारी?: ईरान में महिलाओं के लिए वॉर ट्रेनिंग कैंप खुला, हमले की आशंका के बीच तैयारी

अमेरिकी हमलों की आशंका के बीच ईरान ने अपना पहला पूर्ण महिला सैन्य प्रशिक्षण शिविर खोल दिया है। ईरान के लिए अपने जीवन का बलिदान देने की इच्छुक महिलाएं तेहरान के आजादी स्क्वायर पर सैन्य अभ्यास में जुटी हुई हैं। अमेरिका के साथ तनाव के बीच, ईरान ने तेहरान में महिला आर्मी तैयार कर ली है। मंगलवार को महिलाओं के लिए विशेष सैन्य प्रशिक्षण शिविर की आधिकारिक शुरुआत हुई। आजादी स्क्वायर स्थित यह केंद्र एक राष्ट्रव्यापी अभियान का हिस्सा है, जिसमें सैन्य प्रशिक्षण, आपातकालीन राहत और लॉजिस्टिक सहायता से जुड़े टिप्स दिए जा रहे हैं।

शिविर की तस्वीरें और वीडियो वायरल हो गए हैं, जिनमें महिलाओं को असॉल्ट राइफलें लिए हुए, दीवारों पर चढ़ते और जिपलाइन अभ्यास में हिस्सा लेते हुए देखा जा सकता है। कुछ अपने बच्चों के साथ भी यहां पहुंचीं। अल जजीरा ने बताया कि ईरानी अधिकारियों का कहना है कि इस शिविर का उद्देश्य महिलाओं को इस तरह तैयार करना है कि वे अमेरिका द्वारा संभावित जमीनी हमले की स्थिति में देश की रक्षा कर सकें।

ईरान के सरकारी ‘प्रेस टीवी’ के अनुसार, इस साल की शुरुआत में तेहरान के मध्य में हजारों महिलाओं और युवतियों ने ‘ईरान के प्रति समर्पित बेटियां’ रैली में हिस्सा लिया था। यह रैली एंगहेलाब स्क्वायर में आयोजित की गई थी। उस समय अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम चल रहा था और रैली में शामिल लोगों ने अमेरिका और इजरायल के विरोध में प्रदर्शन किया था।

‘प्रेस टीवी’ की रिपोर्ट के अनुसार, ‘रैली में शामिल लोगों ने इस्लामिक क्रांति के नए नेता के प्रति अपनी निष्ठा की शपथ ली और देश की रक्षा के लिए तैयार रहने की बात कही।’ ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, यह आयोजन ईरान के ‘गर्ल्स डे’ (बालिका दिवस) और इस्लाम के पैगंबर की बेटी की जयंती के मौके पर हुआ था। इस बीच, ईरान के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी मोहसेन रेजाई ने मंगलवार को कहा कि तेहरान और वाशिंगटन के बीच फिलहाल कोई बातचीत नहीं हो रही है।

ईरान समर्थक प्रसारक ‘अल-मायादीन’ को दिए एक साक्षात्कार में, रेजाई ने कहा कि ईरान चाहता है कि अमेरिका जून के एक अंतरिम समझौते में बताई गई सात शर्तों का जवाब दे। उन्होंने कहा कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य (स्ट्रेट ऑफ होर्मुज) के फिर से खुलने और बातचीत दोबारा शुरू होने से पहले ऐसा होना जरूरी है। उन्होंने बताया कि तेहरान ने वाशिंगटन से एक साफ जवाब मांगा था, लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है। उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका बाद में भी जवाब दे सकता है।