‘पश्चिमी यूपी मिनी पाकिस्तान जैसा…’; जगद्गुरु रामभद्राचार्य के बयान पर बवाल

उत्तर प्रदेश : मेरठ में एक कथा के दौरान आध्यात्मिक गुरु जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य ने इस क्षेत्र को ‘मिनी पाकिस्तान’ जैसा बताकर विवाद खड़ा कर दिया है। रामभद्राचार्य ने कथा के दौरान कहा कि आज पश्चिमी यूपी मिनी पाकिस्तान जैसा लग रहा है। उन्होंने दावा किया कि भारत में हिंदू संकट के दौर से गुजर रहा है। उन्हें न्याय नहीं मिल रहा है। मेरठ के विक्टोरिया पार्क में आयोजित रामकथा में जगद्गुरु रामभद्राचार्य के दिए गए भाषण पर विवाद गहरा गया है। उनके इस बयान पर मुस्लिम धर्मगुरुओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। विवाद के बावजूद श्रीरामभद्राचार्य अपने बयान पर कायम हैं। जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने कहा था, “आज हिंदुओं पर बहुत ही संकट है। हम अपने ही देश में हिंदू धर्म को उतना न्याय नहीं दे पा रहे हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आकर लगता है, मानो ये ‘मिनी पाकिस्तान’ है। तो अब हमें मुखर होना है। हम ऐसा नहीं होने देंगे, चाहे कुछ भी हो जाए। इसलिए अब हर घर में हिंदू धर्म की पाठशाला बनानी ही पड़ेगी। हर माता पिता को अपने बच्चों को हिंदू धर्म की शिक्षा देनी ही पड़ेगी।”
जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने अपनी कथित टिप्पणी ‘पश्चिमी उत्तर प्रदेश एक छोटे पाकिस्तान जैसा है’ पर विवाद के बाद न्यूज एजेंसी ANI से कहा, “मैं आज भी यही कह रहा हूं। संभल से हिंदू इतना पलायन क्यों कर रहे हैं? मेरठ और मुजफ़्फ़रनगर में भी कई लोग हिंदुओं पर हावी हो रहे हैं। मैंने क्या गलत कहा?” इस दौरान उन्होंने भारत बनाम पाकिस्तान मैच पर कहा, “भगवान भारत को जिताएंगे।”
जगद्गुरु रामभद्राचार्य मेरठ में कथा कह रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि पश्चिमी यूपी आकर ऐसा लगता है कि मिनी पाकिस्तान है। रामभद्राचार्य का पूरा वीडियो उनके यूट्यूब चैनल पर मिल जाएगा। #meerut #pakistan #uttarpradesh #rambhadracharya pic.twitter.com/4eqrtmuUfq
— Pawan Kumar Sharma (@pawanks1997) September 12, 2025
उनके इस बयान पर मुस्लिम धर्मगुरु चौधरी इफ्राहीम हुसैन ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। चौधरी इफ्राहीम हुसैन ने रामभद्राचार्य के बयान को अस्वीकार्य बताते हुए भारत को फूलों का गुलदस्ता बताया। कहा, “यह एकदम फिजूल एवं बेबुनियाद बात है। हमारा हिंदुस्तान फूलों का गुलदस्ता है। ये कभी भी पाकिस्तान नहीं बन सकता। पाकिस्तान हमारा शत्रु देश है और वो शत्रु ही रहेगा। हमारा देश महान है, वो महान ही रहेगा।”
चौधरी इफ्राहीम हुसैन ने पाकिस्तान के साथ किसी भी संबंध, यहां तक कि क्रिकेट तक को पूरी तरह अस्वीकार्य बताया। उन्होंने कहा, “पाकिस्तान से क्रिकेट क्या, कोई भी संबंध नहीं होना चाहिए। यह देश हमेशा से हमारे देश को नुकसान पहुंचाता रहा है। नुकसान पहुंचाने की साजिश में लगा रहता है। भारत सरकार को पाकिस्तान के साथ सभी संबंध समाप्त करने की मैं मांग करता हूं।”