सफेद-भूरा नहीं, ये है दुनिया के सबसे खूबसूरत अंडे

आपने अंडे अक्सर सफेद या भूरे रंग के ही देखे होंगे. भारत में मुर्गी पालन के फार्म अंडे ज्यादातर सफेद होते हैं जबकि देसी मुर्गियों के अंडे हल्के भूरे रंग के. लेकिन क्या आप जानते हैं कि दुनिया भर में कुछ पक्षी ऐसे अंडे देते हैं जिन्हें देखकर आंखें ठहर सी जाती हैं? ये अंडे इतने खूबसूरत और अनोखे होते हैं कि कई बार लोग इन्हें पॉलिश किए गए रंगीन पत्थर समझ बैठते हैं. प्रकृति की इस अनोखी कृति ने ना सिर्फ सुंदरता का खजाना दिया है बल्कि जीव विज्ञान के कई रहस्य भी छिपाए हैं. आज हम आपको प्रकृति के कुछ ऐसे अंडों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसके बाद में जानकर आपको यकीन नहीं होगा. ये अंडे बेहद खूबसूरत दिखते हैं. पहली बार में तो लोगों को यकीन ही नहीं होता है कि ये कोई आर्ट वर्क नहीं, बल्कि अंडे हैं.

सबसे चर्चित अंडों में से एक है ग्रेट तिनामु (Great Tinamou) का अंडा. यह मध्य और दक्षिण अमेरिका का पक्षी है. इसका अंडा गहरे बैंगनी-नीले रंग का होता है जो चमकदार और लगभग चमकीला दिखता है. ये अंडे इतने आकर्षक होते हैं कि इन्हें देखने वाले पर्यटक और प्रकृति प्रेमी हैरान रह जाते हैं. वैज्ञानिकों के अनुसार यह रंग छिपाव (camouflage) के लिए नहीं बल्कि संभवतः नर पक्षी को आकर्षित करने या अंडों की पहचान के लिए विकसित हुआ है. अमेरिकन रॉबिन के अंडे भी कम चर्चित नहीं है. ये चमकीले नीले रंग के होते हैं जिन पर कभी-कभी हल्के धब्बे भी दिखते हैं. इनके नीले रंग का कारण बिलिवर्डिन नामक पिगमेंट है जो पित्त में पाया जाता है. रोबिन मां अपने घोंसले को पत्तियों और कीचड़ से बनाती है जिसके बीच ये नीले अंडे बेहद खूबसूरत लगते हैं. यह रंग शिकारियों से बचाव में भी मदद करता है क्योंकि नीला रंग जंगल की छाया में घुल-मिल जाता है. लिस्ट में इमू (Emu) के अंडे भी शामिल है. प्रकृति का एक अनोखा तोहफा हैं. ऑस्ट्रेलिया के इस बड़े पक्षी के अंडे गहरे हरे रंग के होते हैं जिन पर नक्काशीदार जैसी बनावट होती है. ये अंडे बड़े आकार के होते हैं और इनका रंग समय के साथ थोड़ा बदल सकता है. इमू अंडे का हरा रंग भी बिलिवर्डिन पिगमेंट से आता है. मादा इमू अंडे देने के बाद नर इमू 8 हफ्तों तक इन्हें सेता है. इस दौरान वह भोजन भी नहीं खाता और सिर्फ अंडों की रक्षा करता है.

इनके अलावा कई अन्य पक्षी भी अनोखे अंडे देते हैं. उदाहरण के लिए कॉमन म्यूर (Common Murre) के अंडे नाशपाती के आकार के होते हैं जो चट्टानों पर घूमने पर भी गिरते नहीं हैं. इन पर काले-भूरे पैटर्न होते हैं जो हर अंडे पर अलग-अलग होते हैं, जिससे मां पक्षी अपनी संतान को आसानी से पहचान लेती है. ईस्टर्न ब्लूबर्ड के अंडे हल्के नीले होते हैं जबकि कुछ प्रजातियों के अंडे लाल, गुलाबी या यहां तक कि काले धब्बों वाले भी होते हैं.