अप्रैल में थोक महंगाई उछलकर 8.3% पर पहुंची, तेल की कीमतों ने बढ़ाई टेंशन!

भारत में महंगाई को लेकर चिंता फिर बढ़ गई है. भारत की थोक महंगाई दर में अप्रैल महीने में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है. गुरुवार को जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल 2026 में थोक महंगाई दर (WPI Inflation) साल-दर-साल आधार पर उछलकर 8.3% पर पहुंच गई, जो करीब 42 महीनों का सबसे ऊंचा स्तर है. इसकी सबसे बड़ी वजह पेट्रोल-डीजल, LPG, कच्चे तेल और बिजली की कीमतों में तेज बढ़ोतरी रही. मिडिल ईस्ट संकट और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में सप्लाई बाधित होने का असर अब भारत की अर्थव्यवस्था पर साफ दिखने लगा है.

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल 2026 में थोक महंगाई दर 8.30% रही, जबकि पिछले महीने यानी मार्च में यह 3.88% पर थी. यानी सिर्फ एक महीने में होलसेल इंफ्लेशन में बड़ा उछाल देखने को मिला है. यह तेजी मुख्य रूप से ईंधन, बिजली और कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण आई है.

थोक महंगाई के फ्यूल एंड पावर कैटेगरी में अप्रैल के दौरान भारी उछाल दर्ज किया गया.फ्यूल एंड पावर इन्फ्लेशन अप्रैल में बढ़कर 24.71% हो गई जबकि मार्च में यह सिर्फ 1.05% थी.यानी एक महीने में इस कैटेगरी में बहुत तेज बढ़ोतरी देखने को मिली.

कच्चे तेल यानी Crude Petroleum में महंगाई अप्रैल में 88.06% तक पहुंच गई, जबकि मार्च में यह 51.5% थी.मिडिल ईस्ट संकट और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बाधा के कारण भारत को आयात होने वाले तेल की लागत तेजी से बढ़ी है. भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है, इसलिए वैश्विक तेल कीमतों का सीधा असर घरेलू महंगाई पर पड़ रहा है.

रिपोर्ट के मुताबिक वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में करीब 50% की तेजी आने के बावजूद सरकार ने अब तक पेट्रोल, डीजल और घरेलू LPG के रेट स्थिर रखे हैं ताकि आम लोगों पर बोझ कम पड़े.हालांकि कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है.

खाद्य वस्तुओं की महंगाई में भी हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.फूड इन्फ्लेशन अप्रैल में 1.98% रही जो मार्च में यह 1.90% थी. वहीं नॉन-फूड आर्टिकल इन्फ्लेशन बढ़कर 12.18% पहुंच गई, जो मार्च में 11.5% थी.

वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि अप्रैल 2026 में इंफ्लेशन रेट मुख्य रूप से इन वजहों से बढ़ा है

मिनिरल ऑयल की कीमतें बढ़ना
क्रूड पेट्रोलियम और नेचुरल गैस महंगा होना
मेटल की कीमतों में तेजी
मैन्युफैक्रिंग प्रोडक्ट्स की लागत बढ़ना
नॉन-फूड आर्टिकल की कीमतों में इजाफा