रायबरेली में कुत्ते के काटने से दुधारु गाय की मौत, दूध पीने वाले 8 लोग संक्रमण के डर से पहुंचे अस्पताल
रायबरेली में शिवगढ़ थाना क्षेत्र के थरि मजरे दहिगवा गांव में एक कुत्ते के काटने से गाय की मौत हो गई। गाय का दूध पीने वाले दर्जनों ग्रामीणों को रेबीज संक्रमण का डर सता रहा है, जिसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगढ़ में एंटी-रेबीज और टिटनेस के इंजेक्शन लगाए गए। जानकारी के अनुसार, थरि गांव निवासी प्रेम किशोर की गाय को कुछ दिन पहले एक पागल कुत्ते ने काट लिया था। उस समय इस घटना की जानकारी किसी को नहीं हुई। मंगलवार सुबह गाय ने पागलों जैसी हरकतें करना शुरू कर दिया। उसने चारा-पानी छोड़ दिया और लोगों को मारने दौड़ने लगी।
गाय का काफी इलाज कराया गया, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। बुधवार सुबह गाय तड़प-तड़प कर मर गई। गाय की मौत की खबर फैलते ही दूध पीने वाले ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में महिलाएं, बच्चे और अन्य ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगढ़ पहुंचे।
अस्पताल में चिकित्सक को पूरी बात बताई गई, जिसके बाद सभी को एंटी-रेबीज और टिटनेस के इंजेक्शन लगाए गए। इलाज के लिए आए लोगों में प्रेमशंकर गौतम (47), राजरानी (42), कुसुम लता (40), प्राची (17), अमन (20), पवन (18), जीतू (18) और अभिनव (16) शामिल हैं।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रेमशरन ने बताया- किसी भी मरीज में रेबीज के लक्षण नहीं पाए गए हैं। हालांकि, भविष्य की आशंका को देखते हुए सभी को एंटी-रेबीज और टिटनेस के इंजेक्शन लगाए गए हैं। इस घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल व्याप्त है।
