पति दूसरा निकाह कर रहा था तभी पहली पत्नी पहुंची, कानपुर में किया हंगामा
कानपुर में दूसरी शादी करने जा रहे युवक के मंडप पर पहली पत्नी पहुंच गई। शुक्रवार रात करीब 11 बजे पहुंची पत्नी ने हंगामा शुरू कर दिया। दावा किया कि उसका अभी तक तलाक नहीं हुआ है। मामला चकेरी थाना क्षेत्र के श्यामनगर स्थित एक मैरिज लॉन का है। पत्नी के हंगामा के बाद निकाह रोक दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दूल्हे को हिरासत में लेकर दोनों पक्षों से पूछताछ की। पत्नी ने थाने में एफआईआर के लिए तहरीर भी दी है। पहली पत्नी के अनुसार, उसकी आरोपी युवक से 2022 में शादी हुई थी।
जूही लाल कॉलोनी निवासी आशिफ (32) ने वर्ष 2022 में चमनगंज की रहने वाली 26 वर्षीय ब्यूटी पार्लर संचालिका से लव मैरिज की थी। महिला ने बताया कि दोनों की मुलाकात 2018 में फेसबुक के जरिए हुई थी। इसके बाद आशिफ ने व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू की और बाद में अपने परिवार के साथ शादी का रिश्ता भेजा। दोनों परिवारों की सहमति से चमनगंज के एक मैरिज हॉल में निकाह हुआ। उस समय आशिफ का घर छोटा होने की वजह से विदाई टाल दी गई थी।
महिला के मुताबिक, जनवरी 2024 में नया घर बनने के बाद उसकी विदाई हुई। ससुराल पहुंचने के करीब दो महीने बाद ही पति और ससुराल पक्ष दहेज और रुपए की मांग करने लगे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और बदनाम कर घर से निकालने की धमकी दी गई।
लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर वह अप्रैल 2024 में मायके लौट आई। जून 2025 में उसने चमनगंज थाने में दहेज उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई। यह मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है और नियमित सुनवाई चल रही है।
महिला का दावा है कि कोर्ट में मामला लंबित होने के बावजूद आशिफ लगातार उसके संपर्क में था। वह रोज व्हाट्सएप पर चैट करता था और महीने में कई बार उससे मिलने भी आता था। इसी वजह से उसे दूसरी शादी की कोई आशंका नहीं थी।
कानपुर में हाईवोल्टेज ड्रामा! पहली पत्नी के पहुंचते ही रुकी दूल्हे की दूसरी शादी। @kanpurpolice#KanpurNews pic.twitter.com/mQgnBQX78F
— The Kanpur News (@TheKanpur_News) July 25, 2026
महिला ने बताया कि उसकी कोई संतान नहीं है। वह शादी के बाद केवल तीन महीने ही ससुराल में रह सकी। उसके पिता पहले चाय की दुकान चलाते थे, लेकिन बीमारी के कारण अब घर पर ही रहते हैं।
महिला ने बताया कि उसका अभी तक तलाक नहीं हुआ है। इसके बावजूद शुक्रवार को पति घर से करीब 10 किलोमीटर दूर श्यामनगर स्थित एक मैरिज लॉन में दूसरी शादी कर रहा था। इसकी जानकारी उसे आशिफ के एक पड़ोसी ने फोन कर दी।
उसने पति, ससुर और अन्य रिश्तेदारों को कई बार फोन किया, लेकिन किसी ने कॉल नहीं उठाया। इसके बाद वह अपनी बहन के साथ सीधे मैरिज लॉन पहुंच गई। वहां निकाह का विरोध करने पर आशिफ उसके साथ गाली-गलौज करने लगा।
महिला के पहुंचते ही मैरिज लॉन में अफरा-तफरी मच गई। बारात और समारोह में मौजूद लोग हैरान रह गए। वह करीब एक घंटे तक निकाह रुकवाने की मांग पर अड़ी रही। सूचना मिलने पर चकेरी पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हे को हिरासत में लेकर दोनों पक्षों को चौकी ले गई।
जानकारी के मुताबिक, आशिफ की दूसरी शादी अरेंज मैरिज थी। दूसरी दुल्हन आजमगढ़ की रहने वाली है। हंगामे के बाद निकाह रोक दिया गया।
चकेरी थाना प्रभारी मिश्र ने बताया- दोनों पक्षों से तहरीर मांगी गई है। शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
