संसद का विंटर सेशन 1 से 19 दिसंबर तक, 15 बैठकें होंगी
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने आज शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि संसद का शीतकालीन सत्र 1 दिसंबर 2025 से शुरू होगा। संसद सत्र 19 दिसंबर 2025 तक चलेगा। रिजिजू ने कहा- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 1 दिसंबर से शीतकालीन सत्र आयोजित करने के सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। हमें एक सार्थक सत्र की उम्मीद है जो हमारे लोकतंत्र को मजबूत करे और लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करे। इससे पहले संसद का मानसून सत्र 21 जुलाई से 21 अगस्त तक चला था। पूरे सत्र में कुल 21 बैठकें हुईं। लोकसभा में 120 घंटे चर्चा का समय निर्धारित था, लेकिन सिर्फ 37 घंटे ही चर्चा हो सकी। वहीं राज्यसभा में 41 घंटे चर्चा हुई। इस दौरान लोकसभा में 12 बिल और राज्यसभा में 15 बिल पास हुए। सबसे चर्चित बिल गिरफ्तार पीएम-सीएम और मंत्रियों को हटाने वाला संविधान संशोधन बिल रहा। इसे जेपीसी के पास भेजने का प्रस्ताव पारित हुआ।
