ये है दुनिया का सबसे महंगा पेन, स्पेस के अंदर भी कर सकते हैं इस्तेमाल

पेन जैसी छोटी सी चीज भी अगर स्पेस टेक्नोलॉजी से लैस हो तो उसकी कीमत आसमान छू सकती है. दुनिया का सबसे चर्चित और महंगा पेन फिशर स्पेस पेन है, जिसे खास तौर पर अंतरिक्ष में इस्तेमाल के लिए बनाया गया था. यह पेन जीरो ग्रेविटी में भी बिना किसी समस्या के लिख सकता है. नासा के अंतरिक्ष यात्री आज भी मिशनों के दौरान इसका इस्तेमाल करते हैं. सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हो रहा है और लोग इसकी कीमत और टेक्नोलॉजी जानकर दंग रह जा रहे हैं.

साल 1960 के दशक में अमेरिकी इन्वेंटर पॉल फिशर ने इस पेन को तैयार किया था. उस समय नासा को एक ऐसे पेन की जरूरत थी जो स्पेस में काम कर सके. आम पेन स्पेस में नहीं लिख पाते क्योंकि वहां गुरुत्वाकर्षण नहीं होता और स्याही नीचे नहीं गिरती. फिशर ने सालों की रिसर्च के बाद प्रेशराइज्ड इंक कार्ट्रिज टेक्नोलॉजी विकसित की. इसमें नाइट्रोजन गैस का दबाव इस्तेमाल होता है जो किसी भी स्थिति में स्याही को बाहर निकालता है. यह पेन -34 डिग्री सेल्सियस से लेकर +121 डिग्री सेल्सियस तक के तापमान में काम करता है. पानी के नीचे, उल्टा लिखते हुए, तेल में या बर्फ पर भी यह आसानी से लिख सकता है. एक कार्ट्रिज से यह पेन लगभग 50 किलोमीटर तक लिख सकता है. यही वजह है कि इसे दुनिया का सबसे यूनिक और भरोसेमंद पेन माना जाता है. नासा ने इसे अपोलो मिशन से लेकर इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन तक इस्तेमाल किया था. दिलचस्प बात यह है कि रूस के सोवियत स्पेस प्रोग्राम ने भी बाद में इसी पेन को अपनाया.