दुनिया का सबसे छोटा स्कूल, जिसमें पढ़ता था सिर्फ एक बच्चा

शिक्षा को हर बच्चे का मूल अधिकार माना जाता है. यही वह आधार है जिसने दुनिया को विकास और आधुनिकता की राह दिखाई है. लेकिन आज भी कई ऐसे इलाके हैं जहां स्कूलों की कमी बच्चों के सपनों के रास्ते में सबसे बड़ी रुकावट बन जाती है. इसी बीच दुनिया के एक ऐसे अनोखे स्कूल की कहानी अक्सर लोगों को हैरान कर देती है, जिसे दुनिया का सबसे छोटा स्कूल कहा जाता है. खास बात यह है कि इस स्कूल में कभी सिर्फ एक ही छात्रा पढ़ाई करने आती थी.

यह अनोखा स्कूल इटली के खूबसूरत शहर तुरिन के पास स्थित है. पहाड़ों और शांत प्राकृतिक वातावरण के बीच बना यह स्कूल आकार में भले छोटा हो, लेकिन इसकी कहानी पूरी दुनिया में मशहूर हो चुकी है. यहां पढ़ने वाली इकलौती छात्रा का नाम सोफिया विवोला था. उस समय सोफिया तीसरी कक्षा में पढ़ती थीं और उन्हें पढ़ाने के लिए स्कूल में केवल एक शिक्षिका मौजूद थीं, जिनका नाम इसाबेल बताया गया था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह कहानी साल 2014 के दौरान सामने आई थी. आमतौर पर स्कूलों में बच्चों की चहल-पहल, दोस्तों की बातें और खेलकूद का माहौल देखने को मिलता है, लेकिन सोफिया का स्कूल इससे बिल्कुल अलग था. पूरी कक्षा में सिर्फ वही अकेली छात्रा थीं. ऐसे में कई बार उन्हें अकेलापन महसूस होता था.