छत्तीसगढ़ के योगेश साहू ने KBC में जीते 50 लाख, IIT-बॉम्बे के टॉपर, IAS बनने छोड़ी नौकरी

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के योगेश साहू (24) ने टीवी के चर्चित क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति 18 (KBC) में शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 लाख रूपए जीते हैं। योगेश के सामने 1 करोड़ रूपए जीतने का मौका भी आया, लेकिन उन्होंने जोखिम नहीं लिया और 50 लाख रूपए लेकर गेम क्विट कर दिया। योगेश की कहानी इसलिए भी खास है, क्योंकि वह IIT बॉम्बे के टॉपर रह चुके हैं। उन्होंने IIT में पहले ही प्रयास में दाखिला हासिल किया था। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्हें कैंपस प्लेसमेंट के जरिए 1.5 लाख रूपए महीने की नौकरी मिली थी, लेकिन IAS अधिकारी बनने के सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने नौकरी छोड़ दी।

योगेश साहू बलौदाबाजार जिले के ग्राम टेहका के रहने वाले हैं। उनकी शुरुआती पढ़ाई बलौदाबाजार के जेसीज कॉन्वेंट और मयूर शिशु मंदिर से हुई। इसके बाद वह आगे की पढ़ाई के लिए बिलासपुर पहुंचे। यहां कोचिंग सेंटर संचालक रोहन चावला ने योगेश को 11वीं और 12वीं की पढ़ाई मुफ्त में कराई।

योगेश की पढ़ाई में तत्कालीन कलेक्टर कार्तिकेय गोयल ने भी मदद की। IIT बॉम्बे में एडमिशन के दौरान मुख्यमंत्री और कलेक्टर की ओर से उन्हें आर्थिक सहायता भी मिली थी।

योगेश ने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। उन्होंने IIT में पहले ही प्रयास में प्रवेश लिया और पढ़ाई में शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉपर भी रहे। कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्हें कैंपस प्लेसमेंट में हर महीने करीब 1.5 लाख रूपए वेतन वाली नौकरी मिली। हालांकि, योगेश ने नौकरी करने के बजाय अपने बड़े लक्ष्य को प्राथमिकता दी और IAS बनने की तैयारी के लिए नौकरी छोड़ दी।

योगेश के पिता गयाराम साहू महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल रमेश बैस के ड्राइवर हैं। पिता के मुताबिक, योगेश ने UPSC सिविल सेवा परीक्षा की प्रारंभिक परीक्षा भी पहले ही प्रयास में पास कर ली है। फिलहाल वह UPSC की मुख्य परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। योगेश पढ़ाई पर इतना ध्यान देते हैं कि वह मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करते और सोशल मीडिया से भी दूरी बनाए हुए हैं।

योगेश साहू ‘कौन बनेगा करोड़पति 18 के एक हालिया एपिसोड में अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर पहुंचे। शो के दौरान उन्होंने एक के बाद एक सवालों का सही जवाब देते हुए 50 लाख रूपए के पड़ाव तक सफर तय किया।

सवाल में कुछ शहरों के नाम और उनके सामने साल दिए गए थे। टेबल में कोलकाता-1913, ?-1930, स्कोप्जे-1979, शांतिनिकेतन-1998 और विदिशा-2014 लिखा था। योगेश को खाली जगह पर सही शहर का नाम चुनना था।

इसके लिए चार विकल्प दिए गए थे- त्रिशूर, मैसूर, अल्मोड़ा और तिरुचिरापल्ली।

आखिरी लाइफलाइन से मिला बड़ा हिंट
50 लाख रूपए के इस सवाल पर योगेश ने अपनी आखिरी लाइफलाइन संकेत सूचक का इस्तेमाल किया।

उन्हें संकेत मिला कि सही जवाब तमिलनाडु में स्थित एक शहर है। इसके बाद योगेश ने सवाल के पीछे का कनेक्शन समझ लिया।

उन्होंने पहचाना कि दिए गए साल नोबेल पुरस्कार से जुड़े हैं और संबंधित शहर नोबेल पुरस्कार विजेताओं के जन्मस्थान हैं।

तिरुचिरापल्ली चुना और जीते 50 लाख
हिंट मिलने के बाद योगेश ने तिरुचिरापल्ली को अपना जवाब चुना। यह जवाब सही निकला। तिरुचिरापल्ली महान वैज्ञानिक सीवी रमन का जन्मस्थान है।

सही जवाब देते ही योगेश ने 50 लाख रूपए जीत लिए।

इसके बाद उनके सामने 1 करोड़ रूपए का सवाल आया। हालांकि, इस सवाल पर उन्होंने जोखिम नहीं लिया और 50 लाख रूपए लेकर गेम क्विट करने का फैसला किया।

KBC के सेट पर योगेश ने शो के होस्ट अमिताभ बच्चन से मुलाकात की। दोनों ने गर्मजोशी से एक-दूसरे का अभिवादन किया और योगेश ने अमिताभ बच्चन के साथ सेल्फी भी ली।

शो में योगेश के ज्ञान और आत्मविश्वास की भी खूब चर्चा हुई।

मुंबई से KBC की शूटिंग पूरी करके लौटने के बाद योगेश का भाटापारा रेलवे स्टेशन पर जोरदार स्वागत किया गया। सामाजिक कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने उन्हें फूल-मालाओं से स्वागत किया।

योगेश की KBC में जीत से उनके परिवार के साथ-साथ गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। एक साधारण परिवार से निकलकर IIT बॉम्बे तक पहुंचने, लाखों की नौकरी छोड़कर IAS की तैयारी करने और फिर KBC में 50 लाख रूपए जीतने की उनकी कहानी लोगों के लिए प्रेरणा बन गई है।