पत्नी के मायके जाने पर पड़ोसी की कुल्हाड़ी से हत्या, घर में बंद होकर पुलिस पर गुलेल चलाई

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पत्नी के घर छोड़कर मायके जाने से नाराज पति ने पड़ोसियों पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में खोलबहरा सोरी (38) की मौके पर मौत हो गई, जबकि नरेंद्र सोरी (25) गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी हीरालाल नागेश (32) ने खुद को घर में बंद कर लिया। उसे पकड़ने के लिए पुलिस को करीब 7 घंटे तक ऑपरेशन चलाना पड़ा। इस दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर गुलेल से भी हमला किया।

आरोपी को घर से बाहर निकालने के लिए पुलिस ने मिर्ची पाउडर के धुएं का इस्तेमाल किया। इसके बाद वह घर से बाहर निकला और करीब 200 मीटर तक पुलिसवालों को दौड़ाता रहा। आखिरकार जवानों ने उसे काबू कर गिरफ्तार कर लिया। घटना शोभा थाना क्षेत्र के पेंड्रा गांव की है।

पुलिस के मुताबिक, हीरालाल नागेश राजमिस्त्री का काम करता है और शराब का आदी है। कुछ समय तक उसने दवा लेकर शराब पीना छोड़ दिया था, लेकिन मानसिक तनाव के बीच दोबारा शराब पीने लगा था।

आए दिन पत्नी जागेश्वरी से उसका विवाद होता था। सोमवार रात भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ। मंगलवार सुबह पत्नी उसके उठने से पहले घर छोड़कर मायके चली गई।

जागने के बाद हीरा पत्नी को तलाशने लगा। उसे शक था कि पड़ोसियों ने उसकी पत्नी को घर छोड़ने के लिए उकसाया है। इसी बात को लेकर पहले नरेंद्र से विवाद हुआ और फिर उसने खोलबहरा पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। खोलबहरा की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या की सूचना मिलते ही शोभा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी खुद को घर में बंद कर चुका था। पुलिस ने उसे बाहर निकालने की कोशिश की तो उसने गुलेल से जवानों पर हमला कर दिया। हमले में कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी है।

स्थिति बिगड़ने पर मैनपुर पुलिस और एसडीओपी के नेतृत्व में 2 थानों के 50 से ज्यादा जवान मौके पर पहुंचे और घर की घेराबंदी की। आरोपी को घर से बाहर निकालने के लिए पुलिस ने छत के रास्ते से मिर्ची का धुआं छोड़ा। धुआं फैलने के बाद आरोपी घर से बाहर निकला और करीब 200 मीटर तक जवानों पर हमला करने के लिए दौड़ता रहा।

पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद उसे काबू में लिया। करीब 7 घंटे की कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

हत्या और आरोपी के घर में छिपे होने के बाद गांव में दहशत फैल गई। सड़क पर शव मिलने और आरोपी की हरकतों के कारण ग्रामीण घरों में दुबके रहे। हालात का असर गांव की सामान्य दिनचर्या पर भी पड़ा और डर के कारण स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र नहीं खुले।

शोभा थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला और अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम के कारणों की जांच कर रही है।