लव ट्रायंगल में युवक की चाकू गोदकर हत्या, दुर्ग में एक ही गर्लफ्रेंड से बात करने पर भिड़े लड़के, 2 दोस्त गंभीर

छत्तीसगढ़ : दुर्ग जिले में एक ही लड़की से 2 लड़के बातचीत करते थे। जिसे लेकर दोनों के बीच मारपीट हो गई। इसके बाद कुछ लड़कों ने मिलकर युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। जबकि उसके 2 दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। लव ट्रायंगल के चलते हुई वारदात के बाद पुलिस ने 10 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। मृतक की पहचान जितेश ठाकुर (20) के रूप में हुई है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। पुलिस शाम तक मामले का खुलासा करेगी। दरअसल, राजीव नगर निवासी जितेश ठाकुर अपने दोस्त राहुल ठाकुर और नेहरू ठाकुर के साथ सोमवार देर रात केजू राइस मिल के पास था। इसी दौरान गर्लफ्रेंड से बातचीत करने को लेकर कुछ युवकों के साथ उनका विवाद हो गया। बात बढ़ते-बढ़ते मारपीट तक पहुंच गई और आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया।

हमले में जितेश ठाकुर को गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जितेश को मृत घोषित कर दिया। जबकि, राहुल ठाकुर और नेहरू ठाकुर गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। इनमें से एक युवक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच शुरू की। रातभर चली तलाश और पूछताछ के बाद पुलिस ने हत्या के मामले में शामिल 10 संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।

बताया जा रहा है कि, इस रंजिश की वजह गर्लफ्रेंड है। युवती से बातचीत को लेकर 2 युवकों में विवाद चल रहा था। सोमवार देर रात फिर से दोनों पक्ष आमने-सामने आए, जिसके बाद मामला हिंसक हो गया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात में और कौन-कौन शामिल था।

इस मामले में कोतवाली पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि, मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। घटना के बाद राजीव नगर और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है, जिससे किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।