19वें रोजगार मेले में 51000 युवाओं को जॉब लेटर मिले, PM बोले- अब आप देश की विकास यात्रा में शामिल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को 51 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी के लिए अपॉइंटमेंट लेटर दिए। इसमें चुने गए युवाओं को रेलवे, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य विभाग, वित्तीय सेवा और उच्च शिक्षा समेत कई सरकारी विभागों में नौकरी मिली। देश के 47 शहरों में हुए 19वें रोजगार मेले में PM मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए। उन्होंने युवाओं से बातचीत भी करेंगे। इससे पहले देशभर में 18 रोजगार मेले हो चुके हैं, जिनमें करीब 12 लाख युवाओं को अपॉइंटमेंट लेटर दिए जा चुके हैं।

पीएम मोदी बोले- 5 देशों की इस यात्रा के दौरान मैंने कई देशों की बड़ी कंपनियों के नेताओं के साथ बातचीत की। हमारी विस्तृत चर्चाएं और बैठकें हुईं। हर जगह, मैंने लगातार एक बात महसूस की, दुनिया भारत के युवाओं और भारत की तकनीकी प्रगति को लेकर बेहद उत्साहित है।
प्रधानमंत्री ने कहा- नीदरलैंड्स से सेमीकंडक्टर, जल प्रबंधन, कृषि पर चर्चा हुई। स्वीडन के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल नवाचार में सहयोग पर चर्चा हुई। नॉर्वे के साथ ग्रीन टेक्नोलॉजी और समुद्री सहयोग पर चर्चा आगे बढ़ी, और साझेदारी को लेकर समझौते हुए।


ग्रीन ट्रांजिशन और सस्टेनेबल टेक्नोलॉजी में स्वीडन, नॉर्वे और इटली जैसे देशों के साथ सहयोग भी बढ़ रहा है। UAE और नॉर्वे के साथ साझेदारियां भारत के जहाज निर्माण इकोसिस्टम को मज़बूत करेंगी।”
मोदी बोले- हमें यह याद रखना चाहिए कि ये वे क्षेत्र हैं जिनमें आने वाले निवेश और साझेदारियां अगले चार दशकों तक वैश्विक विकास को आकार देंगे। इसमें भारत के युवा बहुत बड़ी भूमिका निभाएंगे।

इसे पहले, मोदी ने X पर पोस्ट में लिखा- सरकार युवाओं के बेहतर भविष्य और उन्हें मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले से युवाओं को सरकारी नौकरी पाने का मौका मिल रहा है।