कर्नाटक में जिपलाइन राइड के दौरान सेफ्टी लॉक खुला, पर्यटक 40 फीट नीचे गिरा, हाथ-पैरों में कई फ्रैक्चर
कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले के एक एडवेंचर रिजॉर्ट में जिपलाइन राइड के दौरान सेफ्टी लॉक हवा में खुल गया। इससे पर्यटक करीब 40 फीट नीचे गिर गया। यह पूरी घटना मौके पर मौजूद लोगों के कैमरे में कैद हो गई। पर्यटक की पहचान विजयपुरा निवासी कुबेर सुरपुर के रूप में हुई है। हादसे में कुबेर के हाथ और पैरों में कई फ्रैक्चर हुए हैं। इसके अलावा उन्हें नसों में भी गंभीर चोट आई है। घटना के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसे के बाद कुबेर के परिवार ने रिजॉर्ट प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया और जवाबदेही तय कर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जिपलाइन का सेफ्टी लॉक हवा में ही खुल गया, जिससे यह हादसा हुआ। परिजनों का यह भी आरोप है कि जिपलाइन में जंग लगा हुआ था और उसका सही तरीके से रखरखाव नहीं किया गया था। उनका कहना है कि यदि समय पर उपकरणों की जांच और रखरखाव किया गया होता, तो यह हादसा टाला जा सकता था।
रिसॉर्ट मैनेजर ने स्वीकार किया है कि जिपलाइन दुर्घटना हुई थी। उन्होंने कहा कि हादसा, कर्मचारियों की लापरवाही के कारण नहीं हुई थी। यह एक तकनीकी वजह से होने वाली घटना थी। हम अपनी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हट रहे हैं, हम जल्द ही विजयपुरा जाएंगे और व्यक्तिगत रूप से पर्यटक के परिवार के साथ इस समस्या पर चर्चा करेंगे।
