भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से सेमीफाइनल हराया, सैमसन ने 89 रन बनाए
भारत ने चौथी बार टी-20 वर्ल्डकप के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। टीम ने गुरुवार रात दूसरे सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड को 7 रन से हराया। अब टीम इंडिया 8 मार्च को अहमदाबाद में न्यूजीलैंड से फाइनल मैच खेलेगी। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। टीम इंडिया ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 253 रन बनाए। 254 रन चेज कर रही इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 246 रन ही बना सकी। भारतीय टीम की ओर से संजू सैमसन ने 89 रन की पारी खेली। वे प्लेयर ऑफ द मैच रहे। भारतीय टीम की ओर से शिवम दुबे ने 43 रन बनाए। वे 7 रन से फिफ्टी बनाने से चूक गए। उनके अलावा, ईशान किशन ने 39, हार्दिक पंड्या ने 27 और तिलक वर्मा ने 21 रन का योगदान दिया। इंग्लैंड से विल जैक्स और आदिल रशीद ने 2-2 विकेट झटके। एक विकेट जोफ्रा आर्चर को मिला। 2 बैटर्स रनआउट हुए। भारत ने टी-20 वर्ल्डकप में अपना दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बना लिया। टीम इंडिया का सबसे बड़ा स्कोर रिकॉर्ड 256 रन है। जोकि टीम ने इस वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर-8 मैच में बनाया था।
ओवरऑल टी-20 वर्ल्ड कप में यह चौथा सबसे बड़ा स्कोर रहा। श्रीलंका के नाम टी-20 वर्ल्ड कप में हाईएस्ट टोटल का रिकॉर्ड हैं, टीम ने केन्या के खिलाफ 2007 में 260 रन बनाए थे। 254 रन का टारगेट चेज कर रही इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही। टीम ने पावरप्ले में 68 रन बनाने में टॉप-3 विकेट गंवा दिए थे। वरुण चक्रवर्ती ने जोस बटलर (25 रन), जसप्रीत बुमराह ने हैरी ब्रूक (7 रन) और हार्दिक पंड्या ने फिल सॉल्ट (5 रन) को पवेलियन की राह दिखाई।
नंबर-4 पर बैटिंग करने उतरे जैकब बेथेल ने एक छोर से पारी संभाले रही। उन्होंने 48 बॉल पर 105 रन बनाए। बेथेल ने 3 अहम साझेदारियां की, इनमें दो अर्धशतकीय साझेदारियां थीं। बेथेल ने टॉम बैंटन के साथ चौथे विकेट के लिए 10 बॉल पर 31 रन, विल जैक्स के साथ 5वें विकेट के लिए 39 बॉल पर 77 और सैम करन के साथ छठे विकेट के लिए 27 बॉल पर 50 रन की साझेदारी की। बेथेल के आउट होने के बाद इंग्लिश टीम मैच से पूरी तरह बाहर हो गई। इसी के साथ भारत ने चौथी बार फाइनल में जगह बनाई। टीम 2007, 2014, 2024 में भी फाइनल तक पहुंच चुकी है।
