रियान पराग पर मैच फीस का 25% जुर्माना लगा, ड्रेसिंग रूम में ई-सिगरेट पीते दिखे थे
पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग को IPL के कोड ऑफ कंडक्ट के उल्लंघन का दोषी पाया गया है। मैच रेफरी ने उन पर कड़ा एक्शन लेते हुए जुर्माना और पेनल्टी पॉइंट लगाया है। IPL 2026 के 40वें मैच में राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के बीच मुकाबला चल रहा था। दूसरी पारी के दौरान रियान पराग ड्रेसिंग रूम के अंदर वेप (ई-सिगरेट) का इस्तेमाल करते हुए देखे गए। रियान को IPL आचार संहिता के लेवल-1 के उल्लंघन का दोषी पाया गया है। उन्होंने आर्टिकल 2.21 का उल्लंघन किया, जो खेल को बदनाम करने वाले आचरण से संबंधित है। मैच रेफरी अमित शर्मा ने इस मामले में उन पर मैच फीस का 25% जुर्माना लगाया और उनके खाते में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया। रियान ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और सजा को मंजूर कर लिया है। रियान पराग का ई-सिगरेट पीना गलत माना गया। भारत सरकार ने ‘ई-सिगरेट निषेध अधिनियम (PECA) 2019’ के तहत वेप्स और ई-सिगरेट के उत्पादन, बिक्री, आयात और विज्ञापन पर प्रतिबंध लगाया है। उल्लंघन पर जुर्माने और जेल की सजा का प्रावधान है। ऐसे में एलीट एथलीट और टीम कप्तान का सार्वजनिक मंच पर इसका इस्तेमाल कानून और खेल की मर्यादा का उल्लंघन माना गया।
राजस्थान रॉयल्स इस IPL सीजन में दूसरी बार प्रोटोकॉल उल्लंघन को लेकर चर्चा में है। इससे पहले टीम के मैनेजर रोमी भिंडर डगआउट में मोबाइल इस्तेमाल करते पकड़े गए थे, जो प्लेयर मैच ऑपरेशंस एरिया (PMOA ) प्रोटोकॉल का उल्लंघन था। उस मामले में BCCI ने जांच के बाद मैनेजर पर जुर्माना लगाया था और चेतावनी दी थी।
