Share Market : शेयर बाजार में निवेशकों के लिए शानदार शुरुआत, जानिए सेंसेक्स-निफ्टी का हाल

बुधवार को घरेलू शेयर बाजार में निवेशकों के लिए शानदार शुरुआत हुई। वैश्विक मोर्चे पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और भू-राजनीतिक तनाव के जल्द सुलझने की उम्मीदों ने बाजार की धारणा को काफी मजबूत किया है। इसके चलते शुरुआती कारोबार में ही प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में आधे-आधे प्रतिशत की जोरदार बढ़त दर्ज की गई और बाजार में हरियाली छा गई। बाजार खुलते ही निवेशकों की भारी खरीदारी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 657.22 अंक उछलकर 77,675.01 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 218 अंकों की मजबूत रैली के साथ 24,250.85 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। शुरुआती रुझानों के अनुसार, सेंसेक्स 600 अंकों से अधिक चढ़ा, जबकि निफ्टी ने 24,150 का अहम स्तर पार कर लिया। रुपया सर्वकालिक निचले स्तर से उबरते हुए शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 19 पैसे बढ़कर 94.99 पर पहुंच गया।