गर्मी से बचने हाथी के नहाने का VIDEO, रायगढ़ में पानी की टंकी के पास पहुंचा.. सूंड से खुद पर छिड़कता रहा पानी
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में भीषण गर्मी के बीच एक हाथी का वीडियो सामने आया है, जिसमें वह गर्मी से राहत पाने के लिए पानी की टंकी के पास पहुंचकर नहाता नजर आ रहा है। हाथी अपनी सूंड में पानी भरकर बार-बार शरीर पर छिड़कता रहा। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मिली जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर रायगढ़-ओडिशा सीमा पर बनी एक पानी की टंकी के पास एक दंतैल हाथी नहा रहा था। बढ़झरिया तालाब होते हुए यह हाथी अब नवागांव की तरफ बढ़ गया है। बंगुरसिया सर्किल के वनकर्मी और ट्रैकर इस हाथी की निगरानी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि तेज गर्मी के बीच यह दंतैल हाथी पानी की टंकी के पास काफी देर तक खड़ा रहा और सूंड से अपने ऊपर पानी डालता नजर आया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने इस शानदार दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि भीषण गर्मी के बीच दंतैल हाथी पानी से खेलता नजर आ रहा है, मानो पानी मिलते ही उसे राहत महसूस हुई हो।
छत्तीसगढ़ की भीषण गर्मी में वन्यजीव भी बेहाल! 🥵🐘
रायगढ़-ओडिशा सीमा पर एक हाथी पानी के पोखर में नहाकर गर्मी से राहत लेते दिखा। ग्रामीणों ने वीडियो बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल है। 💦#Chhattisgarh #Elephant #ViralVideo #Raigarh pic.twitter.com/n1LlTSpTSt— Web Morcha (@WebMorcha) May 19, 2026
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ रही गर्मी के कारण जंगलों के जलस्रोत सूखने लगे हैं, जिसके चलते हाथियों समेत अन्य वन्य जीव अक्सर रिहायशी इलाकों तक पहुंच जाते हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए वन अमला वन्य प्राणियों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है। साथ ही लोगों से हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है, ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो।
