मार्को रुबियो ने पीएम मोदी को दिया व्हाइट हाउस का न्योता, दिल्ली में 1 घंटे तक चला रणनीतिक मंथन
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो भारत दौरे पर दिल्ली पहुंचे और उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. इस मीटिंग में दोनों देशों के बीच सुरक्षा, व्यापार और नई तकनीक जैसे अहम मुद्दों पर बात हुई. यह दौरा क्वाड देशों की विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान हो रहा है, लेकिन इसके राजनीतिक और रणनीतिक मायने इससे कहीं बड़े बताए जा रहे हैं. फरवरी 2025 में प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात के बाद यह पहली उच्चस्तरीय बैठक थी, जिसमें अमेरिकी विदेश मंत्री भारत दौरे पर आए हैं. विदेश मंत्री बनने के बाद यह मार्को रुबियो का पहला भारत दौरा माना जा रहा है.
मार्को रुबियो भारत के तीन प्रमुख शहरों – कोलकाता, जयपुर और आगरा का दौरा करेंगे. इसे अमेरिका की ओर से भारत के साथ संबंधों को नई दिशा देने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है.दौरे की शुरुआत दिल्ली से हुई, जहां अमेरिकी विदेश मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. दिल्ली में द्विपक्षीय बैठक के बाद मार्को रुबियो जयपुर और आगरा के लिए रवाना होंगे. वहां वे कई संस्थानों और प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे. इसके बाद 26 तारीख को होने वाली क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे, जहां कई वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा होगी.
इस अहम बैठक में भारत-अमेरिका संबंधों को और मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई. करीब एक घंटे चली इस बैठक में सुरक्षा, व्यापार, क्रिटिकल टेक्नोलॉजी और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सहयोग जैसे कई अहम मुद्दे शामिल रहे. दोनों देशों के बीच रणनीतिक सहयोग को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया. चर्चा में यह भी शामिल रहा कि भारत और अमेरिका किस तरह मिलकर सुरक्षा ढांचे को मजबूत कर सकते हैं और व्यापारिक साझेदारी को नई गति दे सकते हैं. बैठक में क्रिटिकल टेक्नोलॉजी को लेकर सहयोग बढ़ाने पर भी बातचीत हुई. इसके अलावा इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में ‘फ्रीडम ऑफ नेविगेशन’ यानी समुद्री मार्गों की स्वतंत्रता और सुरक्षा को लेकर दोनों देशों के साझा प्रयासों पर चर्चा की गई.
रविवार को दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय वार्ता का एक और दौर होगा. साथ ही क्वाड देशों की बैठक और भारत की भूमिका को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. प्रधानमंत्री मोदी को अमेरिका आने का निमंत्रण दिया गया है. ऐसे में माना जा रहा है कि यह दौरा भारत-अमेरिका संबंधों को नई दिशा देने की कोशिश का हिस्सा है.
बैठक में भारत की ओर से विदेश मंत्री एस. जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभल भी मौजूद रहे. वहीं अमेरिका की ओर से भारत में अमेरिकी राजदूत भी बैठक में शामिल हुए.
