यूपी में बदल गया एक और शहर का नाम, फाजिलनगर बना पावागढ़, सीएम योगी ने खुद किया ऐलान
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के फाजिनगल इलाके का नाम बदल दिया गया है. इसका ऐलान खुद सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक कार्यक्रम में किया है. उन्होंने ऐलान करते हुए कहा कि अब फाजिलनगर का नाम पावागढ़ होगा. सीएम योगी ने कहा, ‘आप की जो मांग होती है, फ़ाज़िल नगर के विधायक जी उसे पूरा करते हैं. सांसद जी के साथ उसे पूरा करते हैं और अब हमने इसके नामकरण का भी प्रस्ताव कर दिया है. अब यह फ़ाज़िल नगर नही होगा,बल्कि ‘पावागढ़’ के रूप में हम इसे मान्यता देने जा रहे हैं. भगवान महावीर के नाम से इसका नाम होगा. क्यों हम फ़ाज़िल कहेंगे. वहीं कार्यक्रम के दौरान रवि किशन पर चुटकी लेते हुए सीएम योगी ने कहा कि कुशीनगर के संसद विजय दूबे भी फिल्मों में काम करने लगे हैं. रवि किशन भोजपुरी के सुपर स्टार हैं. लेकिन फ्री में पिक्चर नहीं दिखाते.
वहीं जिले और सूबे में विकास कार्यों को लेकर सीएम योगी ने कहा कि आज अच्छी सड़कें बन रहीं हैं. एयरपोर्ट बन रहा है. मेडिकल कॉलेज बन रहे हैं. आज से 498 वर्ष पहले विदेशी आक्रांत ने भगवान राम के मंदिर को तोड़ा था. कई युग, कई पीढ़ियां बीत गईं. कई सरकार आई-गई. लेकिन जब भाजपा की सरकार आई तभी मंदिर बना. कांग्रेस चाहती तो बन सकती थी लेकिन नहीं बनने दिया. सपा तो घोषित रामद्रोही है इसलिए उसने नहीं बनने दिया. आज हमने राम मंदिर बना दिया. आज अयोध्या भव्य बन गई. आज अयोध्या त्रेतायुग का स्मरण करती है. भाजपा को जिताकर भेजा इसलिए आज यह कार्य सम्पन्न हो पाया.
सीएम योगी ने कहा कि कुशीनगर जीवन की सच्चाई बताती है. भगवान बुद्ध ने महापरिनिर्वावण यहां आकर लिया था. भगवान महावीर ने कुशीनगर में अपना शरीर त्यागा था. पीएम मोदी के द्वारा रामलला को विराजमान किया तो सभी लोगों के आंखों में खुशी के आंसू थे. गन्ना किसानों को लेकर सीएम योगी ने कहा कि कुशीनगर में किसानों को गन्ने का दाम 400 रुपया कुंतल दे रहे हैं. अब दिमागी बुखार की बीमारी ऐसे ही खत्म हुई, जैसे यूपी से माफिया खत्म हुए. हमने मच्छर और माफिया दोनों को समाप्त किया. मच्छर बीमारी फैलाता था और माफिया बेरोजगारी फैलाता था.
सीएम योगी ने कहा कि आज कुशीनगर में ज़ोरों से विकास चल रहा है. अब फाजिलनगर का नाम पावागढ़ होगा. अच्छे जनप्रतिनिधि माफिया और गुंडों को समाप्त करते हैं. हर चेहरे पर खुशहाली लाते हैं. हर बेटी सुरक्षित हो हर हाथ में काम हो ये हमारा प्रयास है.
इसके अलावा सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि कोई सोचता था कि गरीब को फ्री में राशन मिलेगा. इस फाजिलनगर विधानसभा में मुझे कई बार आना पड़ा था,कसया विधानसभा में भी आता था,जब भूख से मुसहरों की मौत होती थी. भूख से मौत! आज से 9 वर्ष के पहले यह सच्चाई कुशीनगर की थी. यह पिछली सरकारों के पाप के कृत्य थे,कि गरीब भूख से मर रहा है, नौजवान बेरोजगार घूम रहा है, किसान आत्महत्या करने को मजबूर था, आम जनता माफिया, अपराधियों से परेशान थी. यूपी के अंदर कोई सुविधा नहीं. यूपी के बाहर पहचान का संकट था. कोई पर्व त्योहार आया दंगे शुरू हो जाते थे. पडरौना में डोल मेला अवसर पर दंगे हुए, जो न्याय मांगने गए, उनको देवरिया जेल भेज दिया गया. मैं जाकर देवरिया जेल से छुड़ाकर लाया था.
