किसान के पास बैल खरीदने के नहीं थे पैसे, तो पत्नी को हल से बांध जोता खेत, लातूर से आई दर्दनाक कहानी

महाराष्ट्र के लातूर जिले से किसानों की बदहाल स्थिति को उजागर करने वाली एक मार्मिक घटना सामने आई है. जिले के देओनी तालुका स्थित बंबाली गांव में एक किसान को आर्थिक तंगी के कारण अपनी पत्नी को हल में जोतने के लिए मजबूर होना पड़ा. बताया गया है कि किसान काशीनाथ गायकवाड़ के एक बैल की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई थी. परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी कमजोर थी कि वह दूसरा बैल खरीदने में असमर्थ रहा.

खेती का काम जारी रखने के लिए किसान ने मजबूरी में अपनी पत्नी को हल के दूसरे छोर पर जोत दिया और खेत की जुताई शुरू कर दी. इस घटना का वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है. यह घटना किसानों की आर्थिक परेशानियों और ग्रामीण क्षेत्रों में मौजूद कठिन परिस्थितियों को उजागर करती है.
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए परिवार को तत्काल सहायता देने की मांग की है. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि देश का पेट भरने वाले किसान की यह स्थिति बेहद दर्दनाक और चिंताजनक है. एक ऐसा परिवार, जो पूरे देश के लिए अन्न पैदा करता है, आज उसे एक जानवर की जगह खुद हल में जुड़ना पड़ रहा है.

रोहित पवार ने स्थानीय प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और राज्य सरकार से इस मामले को गंभीरता से लेने और विशेष मामले के रूप में किसान परिवार को आर्थिक मदद देने की अपील की. उन्होंने कहा कि किसान के पास दूसरा बैल खरीदने के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं थे, जिसके कारण उसे यह कदम उठाना पड़ा. उन्होंने किसानों के लिए व्यापक और बिना शर्त कर्जमाफी की भी मांग की. इस घटना ने एक बार फिर किसानों की आर्थिक चुनौतियों और ग्रामीण संकट को राष्ट्रीय बहस के केंद्र में ला दिया है.