पहली बार कोई टीम 400 रन बनाकर ऑलआउट, ईशान-गिल ने एक ही ओवर में शतक लगाए

भारत ने दूसरे वनडे में अफगानिस्तान को 170 रन से हरा दिया। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में भारतीय टीम 402 रन पर ऑलआउट हो गई। वनडे क्रिकेट के इतिहास में पहली बार 400 रन बनाने वाली टीम ऑल आउट भी हुई है। बुधवार को शुभमन गिल (154 रन) और ईशान किशन (125 रन) ने एक ही ओवर अपने-अपने शतक पूरे किए। श्रेयस अय्यर ने विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया। वे सबसे तेज 3000 वनडे रन बनाने वाले दूसरे भारतीय बने। मैच के दौरान दरविश रसूली को चोटिल होने पर स्ट्रेचर से मैदान से बाहर ले जाया गया।

गिल ने 77 और किशन ने 71 गेंद में शतक पूरा किया। इसके साथ ही दोनों ने भारतीय क्रिकेट में एक नया रिकॉर्ड बनाया। वनडे क्रिकेट में पहली बार दो भारतीय बल्लेबाजों ने एक ही पारी में 80 या उससे कम गेंद में शतक लगाया। भारत ने 8वीं बार वनडे में 400 या उससे ज्यादा का स्कोर बनाया। टीम ने इस मामले में साउथ अफ्रीका की बराबरी कर ली। साउथ अफ्रीका भी वनडे में 8 बार यह कारनामा कर चुका है। श्रेयस अय्यर ने 11वां रन बनाते ही वनडे में 3 हजार रन पूरे किए। उन्होंने 72 पारी और 3049 गेंद में यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने सबस कम पारी में 3 हजार रन बनाने वाले विराट कोहली (75 पारी) को पीछे छोड़ दिया है। अब वे शिखर धवन के साथ दूसरे नंबर पर हैं। इस लिस्ट में शुभमन गिल 62 पारी के साथ पहले स्थान पर हैं।

अय्यर सबसे कम गेंद में यह आंकड़ा छूने वाले में तीसरे नंबर पर पहुंच गए। पूर्व वर्ल्ड कप विजेता कप्तान कपिल देव 2995 गेंद के साथ पहले नंबर पर हैं। गिल ने 108 गेंद में 150 रन पूरे किए। यह वनडे में किसी भारतीय का तीसरा सबसे तेज 150+ का स्कोर है। पहले स्थान पर ईशान किशन हैं। उन्होंंने 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ 103 गेंद पर 150 रन बनाए थे। ईशान और गिल अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे में सबसे तेज शतक लगाने वाले खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं। इस लिस्ट में ईशान (71 गेंद) तीसरे और गिल (77 गेंद) 5वें नंबर पर आ गए हैं। पहले स्थान पर इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी इयोन मॉर्गन हैं। उन्होंने 2019 में मैनचेस्टर के मैदान पर अफगान टीम के खिलाफ 57 गेंद पर शतक लगाया था। पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा भी 63 गेंद पर शतक लगा चुके हैं।