UP : विशेष समुदाय के लोगों को फंसाने के लिए मोहर्रम जुलूस में लगवाए पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे, दो आरोपी गिरफ्तार
बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के हाफिजगंज थाना क्षेत्र के खाईखेड़ा गांव में मोहर्रम जुलूस के दौरान रविवार को पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाने का वीडियो वायरल हुआ था। कुछ लोगों ने पुलिस से नारे लगाने वालों के खिलाफ थाने में शिकायत की थी। पुलिस ने जांच के बाद सोमवार को खुलासा कर दिया। दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि गांव के हेमेंद्र और मुनेश ने दूसरे समुदाय के लोगों को फंसाने के लिए साजिश के तहत एक बच्चे से नारे लगवाकर वीडियो बनवाकर वायरल किया था।
बरेली जिले के क्षेत्राधिकारी नवाबगंज नीलेश मिश्र ने सोमवार को इसका खुलासा किया। बताया कि हाफिजगंज थाना क्षेत्र के ग्राम खाईखेड़ा में मोहर्रम जुलूस के दौरान दो व्यक्तियों ने गलत नीयत से एक बच्चे से आपत्तिजनक नारा लगवाकर उसका वीडियो वायरल कराया। इस केस में एफआईआर लिखकर दोनों आरोपी हेमेंद्र और मुनेश को गिरफ्तार कर लिया गया है।
PS हाफिजगंज, बरेली- ग्राम खाईखेड़ा में मोहर्रम के जुलूस के दौरान 02 व्यक्तियों द्वारा गलत नीयत से एक बच्चे से आपत्तिजनक नारा लगवाकर उसका वीडियो वायरल करने के प्रकरण में अभियोग पंजीकृत कर आरोपियों को हिरासत में लेकर की जा रही कार्यवाही के सम्बन्ध में CO नवाबगंज, बरेली की बाइट। pic.twitter.com/LFUwqxDscX
— Bareilly Police (@bareillypolice) June 22, 2026
बरेली के हाफिजगंज थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो में मोहर्रम के जुलूस के दौरान आपत्तिजनक नारे लगाने का मामला सामने आने के बाद माहौल खराब होने की आशंका थी। कुछ संगठन कार्यकर्ता और ग्रामीणों ने सोमवार सुबह थाने पहुंचकर शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी। थाना प्रभारी का कहना है कि देश विरोधी गतिविधि का गंभीर मामला सामने आने पर जब वीडियो की जांच कराई तो सच्चाई कुछ और निकली।
पता लगा कि वीडियो बनाने वाले शख्स और उसके साथी ने ही पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगवाए थे। इसका मकसद दूसरे समुदाय के लोगों को कानूनी कार्रवाई में फंसाना था। संदेह के आधार पर पुलिस ने जब आरोपियों को पकड़ा तो उन्होंने आरोप स्वीकार कर लिया।
